ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

इंडियाना में हिंदी को बड़ा सम्मान, गवर्नर ने 'राजभाषा हिंदी जागरूकता सप्ताह' को दी मान्यता

गवर्नर एरिक ने आधिकारिक घोषणापत्र में इंटरनेशनल हिंदी एसोसिएशन की तारीफ करते हुए कहा है कि यह गैरलाभकारी संगठन 1980 से अमेरिका में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

इंडियाना के गवर्नर एरिक जे. होलकॉम्ब ने राजभाषा हिंदी जागरूकता सप्ताह की आधिकारिक उद्घोषणा की है। / X @GovHolcomb

अमेरिका में इंडियाना राज्य के गवर्नर ने हिंदी भाषा और हिंदी भाषियों के सम्मान में एक बड़ा ऐलान किया है। गवर्नर एरिक जे. होलकॉम्ब ने 14 से 21 सितंबर 2024 को राज्य में भारत का राजभाषा हिंदी जागरूकता सप्ताह घोषित किया है। 

इंडियान के इंटरनेशनल हिंदी एसोसिएशन (IHA) की तरफ से फेसबुक पर दी गई जानकारी के मुताबिक, गवर्नर एरिक ने ये महत्वपूर्ण घोषणा 14 सितंबर से शुरू हुए हिंदी दिवस की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर की है। इस आधिकारिक घोषणा का उद्देश्य हिंदी भाषा को बढ़ावा देना है। 



गवर्नर एरिक ने आधिकारिक घोषणापत्र में इंटरनेशनल हिंदी एसोसिएशन की तारीफ करते हुए कहा है कि यह गैरलाभकारी संगठन 1980 से अमेरिका में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। यह देश में हिंदी भाषा और साहित्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति को कायम रखने और बढ़ावा देने में जुटा है। 

गवर्नर ने आगे कहा कि आईएचए अमेरिका में हिंदी भाषी और गैर हिंदी भाषी लोगों के बीच मधुर संबंधों और समझ को बढ़ाने का कार्य कर रहा है। उसका उद्देश्य है कि एक दिन अमेरिका के स्कूलों में हिंदी को एक भाषा के रूप में मान्यता दिलाई जा सके। 

गवर्नर एरिक ने कहा कि आईएचए का इंडियाना चैप्टर 14 सितंबर को हिंदी दिवस की 75वीं वर्षगांठ से शुरू करके 21 सितंबर तक राजभाषा हिंदी सप्ताह का आयोजन कर रहा है। इसका मूल उद्देश्य हिंदी भाषा को बढ़ावा देना है। भारत की आधिकारिक भाषा हिंदी दुनिया में तीसरी सबसे ज्यादा बोली है। पूरे विश्व में आधा बिलियन से अधिक लोग हिंदी बोलते हैं। 

गवर्नर एरिक ने अपनी उद्घोषणा में आगे कहा कि हिंदी भाषा के इस महत्व और इंडियाना में हिंदी भाषी लोगों के सम्मान में मैं 14 से 21 सितंबर को राजभाषा हिंदी अवेयरनेस वीक घोषित करता हूं। आईएचए इंडियाना ने गवर्नर एरिक को इस उद्घोषणा के लिए धन्यवाद देते हुए आभार जताया है। 

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in