ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

टाटा की ज्वैलरी कंपनी ने खोला दूसरा अंतरराष्ट्रीय स्टोर, ये भी अमेरिका में

कैरटलेन ने 2024 में अमेरिका में पहला स्टोर खोला था। यह न्यू जर्सी में था। डलास का यह स्टोर कंपनी का दूसरा अंतरराष्ट्रीय स्टोर है।

 ज्वेलरी ब्रांड कैरटलेन ज्वेलरी ब्रांड कैरटलेन / CaratLane

भारत के टाटा समूह के प्रमुख ज्वेलरी ब्रांड कैरटलेन ने 1 अप्रैल को अमेरिका के टेक्सास राज्य के डलास के फ्रिस्को में अपना दूसरा रिटेल स्टोर खोला है। यह 1200 वर्ग फुट का स्टोर कंपनी के वैश्विक विस्तार का हिस्सा है। इसका उद्देश्य दुनिया भर में भारतीयों तक भारतीय आभूषण पहुंचाना है।

कंपनी ने बयान में कहा कि फ्रिस्को को चुनना एक रणनीतिक फैसला था। यहां भारतीय समुदाय तेजी से बढ़ रहा है और भारतीय उत्पादों की मांग भी बढ़ रही है। कंपनी ने यह भी कहा कि न्यू जर्सी में खुले पहले स्टोर की सफलता से उन्हें ग्राहकों की पसंद को समझने में मदद मिली। इससे अमेरिका में उनकी रणनीति को बेहतर बनाने में सहायता मिली।

कैरटलेन के प्रबंध निदेशक सौमेन भौमिक ने कहा कि डलास में दूसरा स्टोर खोलना हमारी अंतरराष्ट्रीय यात्रा का महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यहां बड़ी भारतीय आबादी है। इससे हम अपनी कारीगरी को लोगों तक पहुंचा सकते हैं और आभूषणों को और सुलभ बना सकते हैं।

उन्होंने बताया कि प्राकृतिक हीरे के आभूषण 49 डॉलर से शुरू होते हैं। नए स्टोर में 2000 से ज्यादा डिजाइन उपलब्ध हैं। इसमें आधुनिक जीवनशैली के अनुसार कई तरह के आभूषण शामिल हैं। स्टोर में बच्चों के लिए ज्वेलरी और चांदी के खास डिजाइन भी मौजूद हैं।

लॉन्च के मौके पर अभिनेत्री यामी गौतम धर ने कहा कि मुझे इस ब्रांड का हिस्सा बनकर खुशी है। यह आधुनिक डिजाइन और भारतीय कारीगरी का अच्छा मेल है। कंपनी ने अपनी सफलता का श्रेय ग्राहक केंद्रित रणनीति को दिया है। इसमें ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों को जोड़ा गया है।

आपको बता दें कि कैरटलेन के भारत में 350 से ज्यादा स्टोर हैं। इसकी शुरुआत 2008 में हुई थी। इसका उद्देश्य हीरे के आभूषणों को सुलभ और किफायती बनाना था। कैरटलेन ने 2024 में अमेरिका में पहला स्टोर खोला था। यह न्यू जर्सी में था। 

डलास का यह स्टोर कंपनी का दूसरा अंतरराष्ट्रीय स्टोर है। हालांकि कंपनी ऑनलाइन माध्यम से 30 देशों में अपने उत्पाद भेजती है। इसमें अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे देश शामिल हैं।

Comments

Related