ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

मुलिन के विरोध में थानेदार, सीनेट से की ये अपील

थानेदार ने कहा कि DHS को ऐसे सचिव की जरूरत है जो हिंसा कम करे और तनाव घटाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मुलिन की नियुक्ति से केवल हिंसा और तनाव बढ़ेगा।

 अमेरिकी कांग्रेसमैन श्री थानेदार अमेरिकी कांग्रेसमैन श्री थानेदार / Wikimedia commons

अमेरिकी कांग्रेसमैन श्री थानेदार ने हाल ही में सीनेट के सभी सदस्यों से अपील की है कि वे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा गृह सुरक्षा विभाग यानी DHS के सचिव पद के लिए नामित मार्कवेन मुलिन के खिलाफ वोट दें। उन्होंने कहा कि उनकी नियुक्ति विभाग की साख को और नुकसान पहुंचाएगी।

ओक्लाहोमा के रिपब्लिकन नेता मुलिन इस समय अपनी पुष्टि सुनवाई के दौरान सीनेटरों के कठिन सवालों का सामना कर रहे हैं। DHS इस समय कांग्रेस के बजट विवाद के बीच भी चर्चा में है।

मुलिन को राष्ट्रपति ट्रंप ने उस समय नामित किया है जब पूर्व DHS सचिव क्रिस्टी नोएम को महाभियोग की मांगों के बीच पद से हटाया गया। इस फैसले का भारतीय मूल के डेमोक्रेट नेताओं ने स्वागत किया था। इनमें श्री थानेदार भी शामिल थे।

मुलिन और उनके विचारों की कड़ी आलोचना करते हुए थानेदार ने कहा कि मार्कवेन मुलिन एक हिंसक और अयोग्य व्यक्ति हैं। उनके पास DHS सचिव बनने के लिए जरूरी संतुलन नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि होमलैंड सिक्योरिटी कमेटी में ओवरसाइट, इन्वेस्टिगेशन और अकाउंटेबिलिटी के रैंकिंग सदस्य के रूप में मैं सीनेट से अपील करता हूं कि वे मुलिन की पुष्टि के खिलाफ वोट करें।

थानेदार ने ट्रंप प्रशासन के DHS पर आरोप लगाया कि विभाग के भीतर ICE और अन्य एजेंसियों में व्यापक हिंसा देखी जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुलिन ने ऐसी कार्रवाइयों का समर्थन किया है और इसलिए उन्हें यह पद नहीं दिया जाना चाहिए।

मुलिन पहले भी कई विवादों में घिर चुके हैं। उनके कुछ बयान सवालों के घेरे में हैं। उन्होंने मिनियापोलिस में ICE द्वारा मारे गए अमेरिकी नागरिक एलेक्स प्रेट्टी को विक्षिप्त और अधिकतम नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वाला बताया था।

हालांकि इस पर जवाब देते हुए मुलिन ने कहा कि यदि उन्हें पद पर नियुक्त किया जाता है तो वह ऐसे बयान नहीं देंगे।

थानेदार ने मुलिन पर कई आरोप गिनाए। उन्होंने कहा कि मुलिन ने एक समिति की सुनवाई के दौरान एक गवाह से लड़ने की कोशिश की थी। मुलिन ने अपनी ही पार्टी के एक सीनेटर के खिलाफ हिंसक हमले को सही ठहराया था। इतना ही नहीं उन्होंने अमेरिकियों से कहा कि कभी-कभी आपको चेहरे पर मुक्का खाने की जरूरत होती है।

थानेदार ने कहा कि DHS को ऐसे सचिव की जरूरत है जो हिंसा कम करे और तनाव घटाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मुलिन की नियुक्ति से केवल हिंसा और तनाव बढ़ेगा।

उन्होंने अपनी अपील दोहराते हुए कहा कि मैं अपने सभी सीनेट सहयोगियों से आग्रह करता हूं कि वे मार्कवेन मुलिन की पुष्टि के खिलाफ वोट करें ताकि DHS की साख को और नुकसान से बचाया जा सके।

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?