ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

सोर्ड मारिन भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच नियुक्त

सोर्ड मारिन की वापसी से भारतीय महिला हॉकी टीम के प्रदर्शन और तैयारियों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद की जा रही है।

 सोर्ड मारिन सोर्ड मारिन / Credit: Hockey India / IANS

हॉकी इंडिया ने 2 दिसंबर को डच कोच सोर्ड मारिन को भारतीय महिला हॉकी टीम का मुख्य कोच नियुक्त करने की घोषणा की। इसके साथ ही टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद मारिन की भारतीय सेट-अप में वापसी हुई है। उनके कार्यकाल में भारतीय महिला टीम ने टोक्यो ओलंपिक में चौथा स्थान हासिल किया था, जो 36 वर्षों में ओलंपिक में टीम की केवल दूसरी उपस्थिति थी।

मारिन को कोचिंग स्टाफ में अर्जेंटीना के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मातियास वीला का सहयोग मिलेगा, जिन्हें एनालिटिकल कोच नियुक्त किया गया है। वीला एक पूर्व मिडफील्डर रहे हैं, जिन्होंने 1997 में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया और 2000 सिडनी तथा 2004 एथेंस ओलंपिक में अर्जेंटीना का प्रतिनिधित्व किया। वे पिछले दो दशकों से कोचिंग से जुड़े रहे हैं।

इसके अलावा, वेन लोम्बार्ड भी भारतीय हॉकी में वापसी कर रहे हैं। उन्हें साइंटिफिक एडवाइजर और हेड ऑफ एथलेटिक परफॉर्मेंस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ रोडेट यीला और सिआरा यीला साइंटिफिक एडवाइजर की भूमिका में काम करेंगे।

यह भी पढ़ें- ऑर्डर ऑफ कनाडा से सम्मानित 80 वैज्ञानिकों में तीन भारतीय मूल के

भारतीय हॉकी में वापसी पर सोर्ड मारिन ने कहा, “यहां वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है। 4.5 साल बाद मैं नई ऊर्जा और स्पष्ट दृष्टिकोण के साथ लौटा हूं। मेरा लक्ष्य टीम के विकास में सहयोग करना और खिलाड़ियों को विश्व मंच पर उनकी पूरी क्षमता हासिल करने में मदद करना है।”

मारिन की पहली बड़ी चुनौती एफआईएच महिला हॉकी वर्ल्ड कप क्वालिफायर होगी, जो 8 से 14 मार्च तक तेलंगाना के हैदराबाद में आयोजित की जाएगी। वे 14 जनवरी को भारत पहुंचेंगे, जबकि राष्ट्रीय कोचिंग कैंप 19 जनवरी से बेंगलुरु के साई (SAI) केंद्र में शुरू होगा।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने नियुक्ति पर कहा, “हम युवा कार्य और खेल मंत्रालय (MYAS) तथा खेल प्राधिकरण (SAI) के आभारी हैं, जिन्होंने इस नियुक्ति को तेजी से पूरा किया, ताकि आगामी वर्ल्ड कप क्वालिफायर की तैयारियों में कोई बाधा न आए। टीम की फिटनेस पर विशेष जोर दिया गया है, जो टोक्यो में ऐतिहासिक प्रदर्शन का एक अहम कारण रही थी।”

वहीं, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “हम सोर्ड मारिन और पूरे सपोर्ट स्टाफ को शुभकामनाएं देते हैं। स्जोर्ड को टीम की अच्छी समझ है और कोर ग्रुप के कई खिलाड़ी पहले भी उनके साथ खेल चुके हैं। हमें उम्मीद है कि आगामी एशियाई खेलों और वर्ल्ड कप क्वालिफायर में टीम बेहतरीन प्रदर्शन करेगी।”

 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?