ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

दुनिया के सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट के लिए छह देश बराबरी पर, भारत 3 स्थान ऊपर

इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के आंकड़ों के मुताबिक फ्रांस, जर्मनी, इटली, स्पेन, जापान और सिंगापुर अब विश्व स्तर पर सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट का दावा करते हैं।

इस वर्ष भारत ने 3 अंकों की छलांग लगाते हुए रैंकिंग में 80वां स्थान पाया है। / Demo Image

अब संयुक्त रूप से छह देश 2024 हेनले पासपोर्ट इंडेक्स में शीर्ष स्थान पर हैं। ये देश अपने नागरिकों को रिकॉर्ड तोड़ संख्या में गंतव्यों तक वीजा-मुक्त पहुंच प्रदान करते हैं। इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के आंकड़ों के मुताबिक फ्रांस, जर्मनी, इटली, स्पेन, जापान और सिंगापुर अब विश्व स्तर पर सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट का दावा करते हैं। 

ये देश अपने नागरिकों को बिना किसी वीजा आवश्यकता के दुनिया भर में 227 में से प्रभावशाली 194 गंतव्यों की यात्रा करने का अवसर देते हैं। यूरोपीय संघ के चार सदस्य देश यानी फ्रांस, जर्मनी, इटली और स्पेन-अब इस सूची में शीर्ष चार में शामिल हो गए हैं। 

हेनले एंड पार्टनर्स के अध्यक्ष और पासपोर्ट इंडेक्स अवधारणा की शुरुआत करने वाले डॉ. क्रिश्चियन एच. केलिन ने बढ़ते वैश्विक गतिशीलता अंतर को रेखांकित किया है। जिन गंतव्यों तक यात्री बगैर वीजा पहुंच सकते हैं उनकी औसत संख्या 2006 में 58 से बढ़कर 2024 में 111 हो गई है। यानी लगभग दोगुना। हालांकि शीर्ष स्थान वाले देशों में अब अफगानिस्तान की तुलना में 166 अधिक वीजा-मुक्त गंतव्य हैं। अफगानिस्तान बगैर वीजा पहुंच के मामले में निचले स्थान पर है। वहां केवल 28 देशों की बिना वीजा यात्रा संभव है।

भारत 2023 में 83वें स्थान पर था। इस वर्ष भारत ने 3 अंकों की छलांग लगाते हुए रैंकिंग में 80वां स्थान पाया है। अब 62 गंतव्यों तक वीजा-मुक्त पहुंच उपलब्ध है। गौरतलब है कि पिछले साल श्रीलंका, थाईलैंड और केन्या जैसे देशों ने भारत को अपनी वीजा-मुक्त सूची में जोड़ा था।

दक्षिण कोरिया और फिनलैंड 193 गंतव्यों तक वीजा-मुक्त पहुंच के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। तीसरे स्थान पर चार यूरोपीय संघ के देश-ऑस्ट्रिया, डेनमार्क, आयरलैंड और नीदरलैंड-192 गंतव्यों तक वीजा मुक्त पहुंच साझा करते हैं।

Comments

Related