ADVERTISEMENT

भारत में लोगों की मदद के लिए दिल खोलकर दिया दान, सेवा इंटरनेशनल ने किया सम्मान

सेवा यूएसए के अध्यक्ष अरुण कनकानी ने वीडियो संदेश में कहा कि अपने उदार दान से इन लोगों ने महान कार्य किया है और अन्य लोगों को परोपकार के लिए प्रेरित किया है। यह करुणा एवं समर्पण के साथ मानवता की सेवा की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।

साउथ कैलिफोर्निया में कृष्णा रेड्डी के आवास पर उमा अग्रवा और अवधेश अग्रवाल (बीच में) का सम्मान करते श्याम परांडे (बाएं) और सौमित्र गोखले। / Image : Sewa

भारत में हेल्थकेयर प्रोजेक्टों में महत्वपूर्ण योगदान करने वाले लोगों को सेवा इंटरनेशनल ने लॉस एंजिलिस और डेट्रायट में आयोजित दो अलग अलग समारोहों में सम्मानित किया। सम्मानित किए गए लोगों में उमा अग्रवाल, अवधेश अग्रवाल, शीला परांजपा और सुरेश परांजपे शामिल थे। 

परांजपे परिवार ने भारत में सेवा इंटरनेशनल के नवजात शिशु दृष्टि सुरक्षा कार्यक्रम के लिए एक मिलियन डॉलर से अधिक का योगदान दिया है। अग्रवाल परिवार ने कोविड-19 महामारी के दौरान भारत के वृंदावन शहर में नया अस्पताल बनाने के लिए स्वामी विवेकानंद स्वास्थ्य मिशन (एसवीएचएम) को एक मिलियन डॉलर से अधिक का दान दिया था।

परोपकारी ब्रमारा आर्य और कृष्णा रेड्डी ने हाल ही में लॉस एंजिलिस में अपने आवास पर कार्यक्रम की मेजबानी की। वहीं हेमा रचमाले और अविनाश राचमाले ने अपने ब्लूमफील्ड हिल स्थित आवास पर मिशिगन कार्यक्रम की मेजबानी की थी।

सेवा इंटरनेशनल के ग्लोबल कोऑर्डिनेर और सेवा यूएसए के सलाहकार बोर्ड के सदस्य श्याम परांडे ने वृंदावन में अस्पताल बनाने के लिए अग्रवाल परिवार के उदार योगदान की सराहना की। सलाहकार मंडल के एक अन्य सदस्य सौमित्र गोखले ने सेवा इंटरनेशनल के मानवीय कार्यों का संक्षेप में वर्णन किया और परोपकार पर जोर दिया। 

कार्यक्रम में सेवा के कार्यों की जानकारी उपाध्यक्ष (मार्केटिंग) संदीप खड़केकर ने दी। अग्रवाल परिवार को सम्मानित करने के लिए कार्यक्रम में हिंदू स्वयंसेवक संघ के अध्यक्ष विनोद अंबस्थ, सेवा के लॉस एंजिल्स चैप्टर के समन्वयक वेंकट कलावाकोलानु और अमर नादिग आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। 

मिशिगन में अविनाश के आवास सुरेश परांजपे और शीला परांजपे (बैठे हुए) का सेवा इंटरनेशनल के वॉलंटियर्स ने सम्मान किया। / Image : Sewa

मिशिगन में आयोजित कार्यक्रम में सेवा की तरफ से परांजपे परिवार को सम्मानित किया गया। परांजपे दंपति ने सेवा इंटरनेशनल, फुट सोल्जर्स फॉर हेल्थ (एफएसएफएच) और सुशेना हेल्थ फाउंडेशन को सकारात्मक योगदान के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने सेवा डेट्रायट की टीम का कड़ी मेहनत और युवा पीढ़ी को परोपकारी कार्य करने के लिए  प्रेरित करने पर आभार जताया। 

परांजपे दंपति ने भारत में आंखों की बीमारियों के निदान खासकर रेटिनोपैथी ऑफ प्रीमैच्योरिटी (आरओपी) और कम दृष्टि वाले लोगों के उपचार के लिए एक मिलियन डॉलर डॉलर का दान दिया है। इससे लोगों की नेत्र देखभाल, बीमारियों को बढ़ने से रोकने और समग्र नेत्र स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा मिलेगा। 

डेट्रॉयट इवेंट के लिए सेवा यूएसए के अध्यक्ष अरुण कनकानी ने वीडियो संदेश में कहा कि अपने उदार दान से परांजपे दंपति ने महान कार्य किया है और अन्य लोगों को परोपकार के लिए प्रेरित किया है। यह करुणा एवं समर्पण के साथ मानवता की सेवा की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।

परांजपे दंपति का सम्मान करने के लिए समारोह में डॉ. कमल गुप्ता, डॉ. वडरी, डॉ. माली, डॉ. भोगांवकर, जय परांजपे, आशुतोष काले, आनंद पपुरी, नितिन चौथाई और संतोष कुमार आदि उपस्थित रहे। डॉ. भारती और डॉ. संतोष ने नेत्र देखभाल प्रोजेक्ट और उसके प्रभाव की जानकारी दी। 

Comments

ADVERTISEMENT

 

 

 

ADVERTISEMENT

 

 

E Paper

 

Related