ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

राम मंदिर : NRI ने अयोध्या में 'सबसे बड़ी फ्लोटिंग एलईडी स्क्रीन' प्रायोजित की

एक NRI ने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर अभिषेक का सीधा प्रसारण करने के लिए सरयू घाट पर स्थापित की जाने वाली 'सबसे बड़ी फ्लोटिंग एलईडी स्क्रीन' प्रायोजित की है। स्क्रीन का उद्घाटन शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करने वाले हैं।

यह स्क्रीन 16 फीट ऊंची और 69 फीट चौड़ी है। / Image : Ram Mandir Trust

भारत की अयोध्या नगरी में भगवान राम के भव्य मंदिर का अभिषेक समारोह अगले सप्ताह, 22 जनवरी को होने वाला है। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अनुष्ठान शुरू हो गये हैं। उत्सव की धूम पूरी दुनिया में है। आयोजन के लिए दुनिया भर के श्रद्धालु और राम भक्त अपने-अपने स्तर पर योगदान दे रहे हैं। इस मामले मे विदेश में रहने वाले भारतीय मूल के लोग और NRI भी पीछे नहीं हैं। 

इसी क्रम में वडोदरा के एक NRI  ने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर अभिषेक का सीधा प्रसारण करने के लिए सरयू घाट पर स्थापित की जाने वाली 'सबसे बड़ी फ्लोटिंग एलईडी स्क्रीन' प्रायोजित की है। स्क्रीन का उद्घाटन शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करने वाले हैं। 

सेंचुरी हॉस्पिटैलिटी के निदेशक जिग्नेश मेहता ने एलईडी स्क्रीन को प्रायोजित किया है। उनकी फर्म ने अयोध्या के सरयू घाट पर लगने वाली भारत की सबसे बड़ी फ्लोटिंग एलईडी स्क्रीन बनाई है। यह स्क्रीन 16 फीट ऊंची और 69 फीट चौड़ी है।

मेहता ने कहा कि स्क्रीन को कैटामरैन के आकार की नाव पर लगाया जाएगा जिसे भारतीय शिपिंग रजिस्ट्रार की देखरेख में अयोध्या घाट पर बनाया जा रहा है। मेहता ने बताया कि हमने नाव बनाने के लिए दक्षिण भारत के विशेषज्ञ कारीगरों को लगाया है। राम मंदिर अभिषेक के बाद आने वाले दिनों में श्रद्धालु सरयू घाट से भगवान राम के सीधे दर्शन इस स्क्रीन के माध्यम से कर सकेंगे। स्क्रीन पर विज्ञापन और अन्य उपयोगी जानकारी भी प्रसारित की जाएगी। मशीनरी और उपकरण विशेष रूप से परियोजना के लिए लाए गए हैं।

आपको बता दें कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह की खुशी में अमेरिका के कई राज्यों और शहरों में कार रैलियां और अन्य कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। राजधानी वॉशिंगटन डीसी से लेकर अन्य राज्य और शहरों में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाये गये हैं। उधर, भारत में श्रीराम अभिषेक समारोह से जुड़े अनुष्ठान शुरू हो गये हैं। 

Comments

Related