ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

अब मॉरीशस में हिमालय का आकर्षण: भारतीय राज्य की वैश्विक पर्यटन उड़ान

मॉरीशस की करीब 70 प्रतिशत आबादी भारतीय मूल की है, जिनका हिमालयी राज्य उत्तराखंड के साथ गहरा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव रहा है।

 हिमालयी गांव हिमालयी गांव / pexels

भारत के हिमालयी राज्य उत्तराखंड ने पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उड़ान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मॉरीशस में भारतीय उच्चायुक्त अनुराग श्रीवास्तव ने उत्तराखंड पर्यटन को प्रमोट करने की पहल की है। उन्होंने राज्य के पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल को पत्र लिखकर मॉरीशस में उत्तराखंड पर्यटन रोड शो आयोजित करने का प्रस्ताव दिया है। इस पहल का उद्देश्य है-देवभूमि उत्तराखंड को विदेशों में एक आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना।

उच्चायुक्त श्रीवास्तव ने उत्तराखंड पर्यटन विभाग को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि मॉरीशस की करीब 70 प्रतिशत आबादी भारतीय मूल की है, जिनका उत्तराखंड के साथ गहरा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव रहा है। गंगा, हिमालय और योग जैसे तत्व वहां के लोगों में गहरी श्रद्धा का भाव जगाते हैं। ऐसे में, उत्तराखंड के धार्मिक, वेलनेस और प्रकृति पर्यटन को मॉरीशस में प्रभावी रूप से प्रचारित किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- इस भारतीय वैज्ञानिक की चौंकाने वाली रिसर्च में खुलासा- अंतरिक्ष में भी बदल रहा मौसम, क्या वजह

राज्य के पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि यह प्रस्ताव उत्तराखंड के लिए बड़ा अवसर है। रोड शो के माध्यम से मॉरीशस के ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स और स्थानीय समुदाय के बीच उत्तराखंड के आध्यात्मिक, साहसिक और इको-टूरिज्म स्थलों को प्रस्तुत किया जाएगा। इससे राज्य में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह रोड शो सफल रहा, तो यह उत्तराखंड पर्यटन की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग के लिए मील का पत्थर साबित होगा। मॉरीशस जैसे देशों में उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत का प्रचार न केवल प्रवासी भारतीयों को आकर्षित करेगा, बल्कि पश्चिमी देशों के सैलानियों के लिए भी नई प्रेरणा बनेगा।

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?