ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

मॉस्को में बेगुनाहों पर ISIS का आतंकी हमला, पीएम मोदी ने भी कड़ी निंदा की

रूसी मीडिया में घटना के चश्मदीदों के हवाले से बताया गया है कि हमलावर रूसी नहीं थे और एशियाई व कॉकेशियाई लोगों जैसे दिख रहे थे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हमले के लिए यूक्रेन की तरफ उंगली उठाई है।

 आतंकी हमला मॉस्को में क्रॉकस सिटी हॉल में हुआ। आतंकी हमला मॉस्को में क्रॉकस सिटी हॉल में हुआ। / Image-Wikipedia

सेना की वर्दी में आए आतंकियों ने शुक्रवार की शाम रूस के मॉस्को में एक कॉन्सर्ट हॉल में अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। हमले के वक्त हॉल खचाखच भरा हुआ था। खबर लिखे जाने तक हमले में 143 लोगों की मौत पुष्टि हो चुकी थी। बड़ी संख्या में लोग घायल हैं। इस हमले की भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कड़ी निंदा की है। 



क्रॉकस सिटी हॉल में हुई इस हमले की जिम्मेदारी कथित तौर पर इस्लामिक स्टेट आतंकी संगठन ने ली है। आईएसआईएस से जुड़ी समाचार एजेंसी अमाक ने सोशल मीडिया पर बयान में कहा कि हमारे लड़ाकों ने ईसाइयों की एक बड़ी सभा पर हमला बोला था, जिसमें कई लोग मारे गए और कई घायल हुए हैं। हालांकि आईएसआईएस ने अपने दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया है। 

जिस म्यूजिक कॉन्सर्ट हॉल में यह घटना हुई है, वह मॉस्को में सबसे बड़ी जगहों में से एक हैं। शुक्रवार शाम को वहां पर हजारों लोग एक कॉन्सर्ट में हिस्सा लेने के लिए आए थे। शो शुरू होने से ठीक पहले सेना की वर्दी में कुछ लोग आए और वहां बैठे लोगों पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। उनके सामने जो भी आया, उसे भून दिया। आतंकियों ने हॉल में बम धमाका भी किया, जिससे वहां आग लग गई। हॉल का एक हिस्सा भी ढह गया। 

घटना के कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें आतंकी गोलियां बरसाते और खून से लथपथ लोग चीखते चिल्लाते भागते नजर आ रहे हैं। रूसी एजेंसियों ने चार संदिग्ध आतंकियों समेत 11 लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

रूसी मीडिया में घटना के चश्मदीदों के हवाले से बताया गया है कि हमलावर रूसी नहीं थे और एशियाई व कॉकेशियाई लोगों जैसे दिख रहे थे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हमले के लिए यूक्रेन की तरफ उंगली उठाई है। उन्होंने कहा कि हमें पता चला है कि हमलावर यूक्रेन बॉर्डर की तरफ भागने की फिराक में थे। हम जांच कर रहे हैं। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। इस हमले को लेकर विश्व के कई नेताओं ने शोक संवेदनाएं जताई हैं और निंदा की है। 

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में लिखा कि हम मॉस्को में हुए जघन्य आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। दुख की इस घड़ी में भारत रूसी सरकार और वहां के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है। 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?