ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

मनमोहन सिंह के निधन पर IOCUSA ने जताया शोक, कहा- भारत ने एक महान राजनेता खो दिया

मनमोहन सिंह के निधन पर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस यूएसए के उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम ने कहा कि भारत ने एक महान राजनेता और अपार बुद्धिमत्ता वाला इंसान खो दिया है। 

 भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ IOCUSA  के उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ IOCUSA के उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम। / FIle Photo : provided

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर भारत ही नहीं, अमेरिका से भी शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस यूएसए (IOCUSA ) के उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम ने कहा है कि भारत ने एक महान राजनेता, अविश्वसनीय विनम्रता और अपार बुद्धिमत्ता वाला इंसान खो दिया है। 

जॉर्ज अब्राहम ने अपने शोक संदेश में कहा कि डॉ मनमोहन सिंह को भारत के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा। डॉ. सिंह भारत की नई अर्थव्यवस्था के मुख्य वास्तुकार थे। उन्होंने भारत की पुरानी अर्थव्यवस्था नीतियों को पलटते हुए केंद्रीय स्तर पर नियोजित और पब्लिक सेक्टर पर केंद्रित नीतियां अपनाईं, जिसने देश की दशा बदल दी। 

IOCUSA के उपाध्यक्ष ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने जो हासिल किया,  वह अभूतपूर्व है। देश की अर्थव्यवस्था की स्थिति में यह नाटकीय परिवर्तन एक ऐसे व्यक्ति की तस्वीर पेश करता है, जो एक तरह से क्रांतिकारी है। 21वीं सदी में भारत जो है, उसे तैयार करने में डॉ. मनमोहन सिंह का बहुत बड़ा योगदान है।

उन्होंने आगे कहा कि विश्व बैंक की रिपोर्ट बताती है कि भारत के प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान डॉ. सिंह ने ऐसी नीतियां लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसने 20 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकाला। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस यूएसए परिवार उनके निधन पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है।

बता दें कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में 26 दिसंबर को निधन हो गया था। उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे पूर्व पीएम ने दिल्ली के AIIMS अस्पताल में आखिरी सांस ली। 

एम्स ने प्रेस रिलीज में बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री 26 दिसंबर को घर पर अचानक बेहोश हो गए थे। उन्हें रात 8:06 बजे एम्स लाया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। 

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर भारत के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से लेकर देश के तमाम बड़े नेताओं और हस्तियों ने दुख जताया है। भारत में 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। 27 दिसंबर के लिए निर्धारित सभी प्रमुख सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?