ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

Inc. की 2026 फीमेल फाउंडर्स 500 सूची में शामिल हुईं भारतीय मूल की दीपिका बोडापति

कम्योर एक एंटरप्राइज हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी कंपनी है जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से अस्पतालों, डॉक्टरों और स्वास्थ्य प्रणालियों को प्रशासनिक प्रक्रियाओं को आसान बनाने और मरीजों की देखभाल बेहतर करने में सहायता करती है।

 दीपिका बोडापति दीपिका बोडापति / commure.com

भारतीय मूल की उद्यमी दीपिका बोडापति को अमेरिका की प्रतिष्ठित बिजनेस पत्रिका Inc की 2026 फीमेल फाउंडर्स 500 सूची में शामिल किया गया है। यह सूची उन महिला उद्यमियों को सम्मानित करती है जो अपने नेतृत्व और नवाचार के जरिए विभिन्न उद्योगों में बड़ा बदलाव ला रही हैं।

दीपिका स्वास्थ्य तकनीक कंपनी कम्योर (Commure) की सह-संस्थापक और मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) हैं। Inc. के अनुसार इस वर्ष की सूची में शामिल महिला संस्थापकों की कंपनियों ने वर्ष 2025 में मिलकर 12.3 अरब डॉलर का राजस्व अर्जित किया।

कम्योर एक एंटरप्राइज हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी कंपनी है जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से अस्पतालों, डॉक्टरों और स्वास्थ्य प्रणालियों को प्रशासनिक प्रक्रियाओं को आसान बनाने और मरीजों की देखभाल बेहतर करने में सहायता करती है। 

दीपिका के नेतृत्व में कंपनी ने पूरे अमेरिका में अपने एआई आधारित समाधान का विस्तार किया है। ये समाधान मेडिकल डॉक्यूमेंटेशन, बिलिंग और रेवेन्यू साइकिल मैनेजमेंट जैसी चुनौतियों को संभालने में मदद करते हैं।

कंपनी के बयान में दीपिका ने कहा कि एथेलास (Athelas) की शुरुआत स्वास्थ्य सेवाओं और डायग्नोस्टिक्स को एआई के माध्यम से बेहतर बनाने के उद्देश्य से हुई थी। लेकिन जल्द ही हमें एहसास हुआ कि अस्पतालों और क्लीनिकों पर प्रशासनिक बोझ भी उतना ही गंभीर मुद्दा है।
 



उन्होंने कहा कि आज कम्योर के रूप में हमने एक एआई-आधारित प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जो मैन्युअल कार्यों की जगह सॉफ्टवेयर आधारित समाधान प्रदान करता है। इससे अस्पताल और स्वास्थ्य संस्थान मरीजों की देखभाल पर अधिक समय दे सकते हैं और अपनी वित्तीय स्थिति भी मजबूत कर सकते हैं।

कैलिफोर्निया स्थित कम्योर के अनुसार उसका प्लेटफॉर्म हर साल 25 अरब डॉलर से अधिक के दावों को प्रोसेस करता है और 60 से अधिक इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड सिस्टम के साथ एकीकृत है।

कंपनी की सेवाएं बड़े अस्पताल नेटवर्क से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंच चुकी हैं। 

आपको बताएं कि इंक फीमेल फाउंडर्स 500 सूची का चयन कई चरणों की प्रक्रिया के बाद किया जाता है। इसमें कंपनियों के प्रदर्शन, राजस्व वृद्धि, निवेश, नवाचार और सामाजिक प्रभाव जैसे पहलुओं का मूल्यांकन किया जाता है।

इंक की संपादकीय निदेशक बॉनी घोष ने कहा कि हर साल फीमेल फाउंडर्स 500 सूची में शामिल असाधारण नेताओं को देखकर हम और अधिक प्रभावित होते हैं। ये महिलाएं दिखा रही हैं कि दूरदर्शी और प्रभावशाली नेतृत्व कैसा होता है।

दीपिका बोडापति का यह सम्मान ऐसे समय में आया है जब भारतीय मूल के उद्यमी अमेरिका के तकनीक और स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कम्योर में दीपिका ने एआई आधारित स्वास्थ्य समाधान विकसित करने और उनका विस्तार करने में अहम भूमिका निभाई है। इन समाधानों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रशासनिक बोझ को कम करना और अस्पतालों की कार्यक्षमता बढ़ाना है।
 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?