ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

मिशिगन के 24वें जिले में रंजीव पुरी के सिर बंधा जीत का सेहरा, दूसरी बार पहुंचे हाउस

कैंटन टाउनशिप का प्रतिनिधित्व करते हुए पुरी ने ऐसे अभियानों पर फोकस किया है जो राज्य की अर्थव्यवस्था, सार्वजनिक शिक्षा, बुनियादी ढांचे और वर्कफोर्स के विकास में योगदान देती हैं। 

भारतीय अमेरिकी रंजीव पुरी मिशिगन हाउस में मेजॉरिटी व्हिप भी हैं। / X @RanjeevPuri

भारतीय-अमेरिकी डेमोक्रेट नेता रंजीव पुरी ने मिशिगन के 24वें हाउस डिस्ट्रिक्ट का चुनाव जीत लिया है। वह दूसरी बार राज्य प्रतिनिधि के रूप में चुने गए हैं। उन्होंने 59.8 प्रतिशत वोट हासिल करके अपने प्रतिद्वंद्वी लियोनार्ड स्कॉट को मात दी है।

मिशिगन के परिवारों, कामगारों और विविधता के प्रखर पैरोकार रंजीव पुरी ने मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि ये चुनाव जीतना मेरे लिए सिर्फ एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है बल्कि यह  आप सबकी सामूहिक जीत है। मैं इसके लिए दिल की गहराई से सभी का आभारी हूं। 

भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता पुरी ने आगे कहा कि लोगों की सेवा करना ही मेरा सबसे बड़ा सम्मान है। मैं अपने समुदाय को मजबूत और अधिक समृद्ध बनाने के लिए कार्य करता रहूंगा।

हाउस मेजॉरिटी व्हिप की भी जिम्मेदारी संभाल रहे रंजीव पुरी से उम्मीद है कि वह नए कार्यकाल में मिशिगन के समुदायों में समानता और आर्थिक हितों को प्राथमिकता देने वाली नीतियों को आगे बढ़ाते रहेंगे।

कैंटन टाउनशिप का प्रतिनिधित्व करते हुए पुरी ने ऐसे अभियानों पर फोकस किया है जो राज्य की अर्थव्यवस्था, सार्वजनिक शिक्षा, बुनियादी ढांचे और वर्कफोर्स के विकास में योगदान देती हैं। 

रंजीव पुरी को फाइनेंशियल कंसल्टिंग में अच्छा अनुभव है। उन्होंने डेट्रायट के ऑटोमोटिव सेक्टर में कार्य किया है। वह पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ काम कर चुके हैं। भारतीय अप्रवासियों की संतान रंजीव पुरी समावेशिता, समानता और अमेरिकन ड्रीम जैसे मूल्यों का प्रतीक हैं। 
 



Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in