ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

भारतीय प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर जाएंगे रूस, ये है यात्रा का एजेंडा

पीएम मोदी का दौरा इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण है कि वह रूस-यूक्रेन युद्ध को आपसी वार्ता के जरिए खत्म करने पर जोर देते रहे हैं।

पीएम मोदी ने इससे पहले जुलाई में रूस का दौरा किया था। / सांकेतिक तस्वीर X @narendramodi

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर रूस की यात्रा करेंगे। उनकी ये यात्रा इस महीने के आखिर में होगी। कुछ समय पहले ही उन्होंने रूस का दौरा किया था। उस दौरान उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को गले लगाया था, जिसकी आलोचना भी हुई थी। 

दरअसल प्रधानमंत्री मोदी इस महीने रूस में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए जा रहे हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि वोल्गा नदी के किनारे कजान शहर में आयोजित होने वाले ब्रिक्स समिट के लिए मोदी 22 और 23 अक्टूबर को रूस में होंगे।

पीएम मोदी का दौरा इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण है कि वह रूस-यूक्रेन युद्ध को आपसी वार्ता के जरिए खत्म करने पर जोर देते रहे हैं। उन्होंने संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए खुद को मध्यस्थ के रूप में भी प्रस्तावित किया है।

इससे पहले पीएम मोदी ने जुलाई में रूस की यात्रा की थी। उस दौरान उन्होंने पुतिन को गर्मजोशी से गले लगाया था। जिसका यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने विरोध करते हुए 'शांति के लिए विनाशकारी झटका' करार दिया था। इसके अगले महीने मोदी ने कीव का दौरा किया और शांति का आह्वान करते हुए कहा कि युद्ध के मैदान में कोई समस्या हल नहीं हो सकती। 

ब्रिक्स का नाम 2009 में शामिल होने वाले पांच सदस्य देशों ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के शुरुआती अक्षरों से लिया गया है। गठन के बाद ईरान सहित मध्य पूर्वी देशों को शामिल करने के लिए इसका विस्तार किया गया है। पुतिन के विदेश नीति सहयोगी यूरी उशाकोव ने इस महीने कहा था कि ब्रिक्स समिट में 24 देशों के नेता भाग लेंगे।

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in