ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

8 से 10 जनवरी 2025 तक भुवनेश्वर में मनाया जाएगा 18वां भारतीय प्रवासी दिवस, वेबसाइट लॉन्च

नई वेबसाइट प्रतिनिधियों के लिए एक सिंगल पॉइंट पोर्टल के तौर पर काम करेगी, जहां रजिस्ट्रेशन, ठहरने के विकल्प और ओडिशा के सांस्कृतिक स्थलों के बारे में जानकारी मिलेगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा, 'हम हर किसी का मंदिरों के शहर भुवनेश्वर में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।'

भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर / प्रवासी भारतीय दिवस (PBD) / Image- X (@DrSJaishankar)/ MEA

भारत सरकार ने ओडिशा राज्य सरकार के साथ मिलकर 18वें प्रवासी भारतीय दिवस (PBD) सम्मेलन की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की है। वेबसाइट का उद्घाटन मंगलवार को भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने संयुक्त रूप से किया। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह भी इस लॉन्चिंग समारोह के दौरान मौजूद रहे। 

'डायस्पोरा का विकसित भारत में योगदान' थीम के साथ 2025 का PBD सम्मेलन अगले साल 8 से 10 जनवरी तक भुवनेश्वर, ओडिशा में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रवासी भारतीयों को भारत के विकास यात्रा में शामिल करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समापन सत्र की अध्यक्षता करेंगी और प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार प्रदान करेंगी।

डॉ. जयशंकर ने भारत की प्रगति में 3.5 करोड़ से ज्यादा भारतीय डायस्पोरा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, 'प्रवासी भारतीय दिवस सिर्फ एक जश्न नहीं है, बल्कि कुछ करने का निमंत्रण है।' उन्होंने आगे कहा कि 'प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने डायस्पोरा के कल्याण को हमेशा प्राथमिकता दी है। हमारे प्रवासी भारतीयों की ताकत हमें वैश्विक चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए एक मजबूत नींव प्रदान करती है।'

सोशल मीडिया मंच X पर जयशंकर ने साझा किया, 'विदेश मंत्रालय को भुवनेश्वर में हमारे प्रवासी भारतीयों का स्वागत करने के लिए ओडिशा के साथ साझेदारी करने पर गर्व है। हमारा द्विवार्षिक प्रवासी भारतीय दिवस संबंध को मजबूत करने और दोस्ती को विकसित करने का एक लंबा समय से चलता आ रहा अवसर है।'

नई वेबसाइट प्रतिनिधियों के लिए एक सिंगल पॉइंट पोर्टल के तौर पर काम करेगी, जहां रजिस्ट्रेशन, ठहरने के विकल्प और ओडिशा के सांस्कृतिक स्थलों के बारे में जानकारी मिलेगी। तीन दिन चलने वाले इस कार्यक्रम में युवा मामलों के मंत्रालय के साथ युवा प्रवासी भारतीय सेगमेंट, थीमेटिक प्लेनरी सत्र और भारत की परंपरा और तकनीकी प्रगति को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनियां शामिल होंगी।

व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए, जयशंकर ने जोर देकर कहा, 'प्रवासी भारतीय दिवस की सफलता बड़ी संख्या में डायस्पोरा की भागीदारी पर निर्भर करती है। हम हर किसी का मंदिरों के शहर भुवनेश्वर में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।'

 

Comments

Related