ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

ऑस्ट्रेलिया में महात्मा गांधी की प्रतिमा से छेड़छाड़ पर भारत सख्त, मेलबर्न घटना की कड़ी निंदा

भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसे गंभीर घटना बताते हुए ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल / IANS

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में स्थित ऑस्ट्रेलियन इंडियन कम्युनिटी सेंटर से महात्मा गांधी की प्रतिमा के तोड़े जाने और हटाए जाने की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने इसे गंभीर घटना बताते हुए ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया सवालों के जवाब में कहा, “हम मेलबर्न के रोवविल स्थित ऑस्ट्रेलियन इंडियन कम्युनिटी सेंटर में लगी महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ की गई तोड़फोड़ और उसे हटाए जाने की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। इस मामले को हमने ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया है और उनसे प्रतिमा को जल्द बरामद करने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।”

यह भी पढ़ें- अमेरिका-भारत व्यापार समझौते का US सांसदों ने किया स्वागत, लोकतंत्रों के बीच रिश्तों में नया अध्याय

भारतीय समुदाय में चिंता
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रोवविल स्थित केंद्र में लगी महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा चोरी हो गई, जिससे मेलबर्न में भारतीय मूल के लोगों में गहरी चिंता फैल गई है।

विक्टोरिया पुलिस ने बताया कि नॉक्स क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, 12 जनवरी की देर रात करीब 12:50 बजे तीन अज्ञात लोगों ने चैरिटी परिसर से प्रतिमा चोरी की। पुलिस ने स्क्रैप मेटल डीलरों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने को कहा है। साथ ही, सीसीटीवी फुटेज या किसी भी तरह की जानकारी रखने वाले लोगों से ‘क्राइम स्टॉपर्स’ से संपर्क करने की अपील की गई है।

ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व
गौरतलब है कि यह महात्मा गांधी की प्रतिमा भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) की ओर से उपहार स्वरूप दी गई थी और इसका उद्घाटन 2021 में ऑस्ट्रेलिया के तत्कालीन प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने किया था। यह प्रतिमा ऑस्ट्रेलिया में बसे भारतीय समुदाय के लिए ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्रतीकात्मक महत्व रखती है।

न्यू इंडिया अब्रॉड की अन्य खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें।

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in