ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

भारत और माल्टा के बीच व्यापार सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति

दोनों देशों के बीच हाल ही में विदेश कार्यालय परामर्श (FOC) का चौथा दौर माल्टा की राजधानी वैलेटा में आयोजित किया गया था।

वालेटा: शुक्रवार, 27 मार्च, 2026 को वालेटा में भारत-माल्टा विदेश कार्यालय परामर्श के चौथे दौर के दौरान विदेश मामलों के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने माल्टा के स्थायी सचिव क्रिस्टोफर कुटाजार से मुलाकात की। / IANS/X/@MEAIndia)

भारत और माल्टा के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए दोनों देशों के बीच हाल ही में विदेश कार्यालय परामर्श (FOC) का चौथा दौर माल्टा की राजधानी वैलेटा में आयोजित किया गया। इस दौरान भारत की ओर से सचिव (पश्चिम) राजदूत सिबी जॉर्ज और माल्टा की ओर से विदेश मंत्रालय के स्थायी सचिव क्रिस्टोफर कटजार ने सह अध्यक्षता की। 

दौरे पर सिबी जॉर्ज ने माल्टा के डिप्टी पीएम और विदेश मंत्री डॉ. इयान बोर्ग से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों देशों के बीच चल रहे सहयोग को और मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही द्विपक्षीय सहभागिता का दायरा बढ़ाने पर भी सहमति जताई गई।

इसके अलावा, सिबी जॉर्ज ने माल्टा की सशस्त्र सेनाओं के कमांडर ब्रिगेडियर क्लिंटन जे. ओ’नील से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग को बढ़ाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस बैठक में दोनों देशों ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी अपने विचार साझा किए और साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया। दोनों पक्षों ने आपसी संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा की और भारत-माल्टा संबंधों में हो रही निरंतर प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। 

वर्ष 2025 में दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 60 वर्ष पूरे हुए, जो इस संबंध में एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा। दोनों देशों ने हाल के वर्षों में उच्च स्तरीय दौरों के माध्यम से संबंधों में आई तेजी का स्वागत किया और व्यापार एवं निवेश, पर्यटन, तकनीक और नवाचार, समुद्री क्षेत्र, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को और आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

हाल ही में हुए भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को ध्यान में रखते हुए आर्थिक और वाणिज्यिक संबंधों को गहरा करने के तरीकों पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्ष सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) स्वास्थ्य, नवीकरणीय ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए।

दोनों देशों ने क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया और मल्टीलेटरल मंचों पर सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। इसके साथ ही, सिबी जॉर्ज ने माल्टा में व्यापार जगत के नेताओं से भी मुलाकात की और भारत-माल्टा के बीच बढ़ते व्यापार और निवेश संबंधों को और सशक्त बनाने के उपायों पर चर्चा की।

अन्य खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें न्यू इंडिया अब्रॉड

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in