ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

न्यूयॉर्क सिटी के गुरुद्वारे की दीवारों पर बनाईं घृणास्पद आकृतियां, समुदाय चिंतित

इस घटना ने न्यूयॉर्क में सिख समुदाय की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

रिचमंड हिल्स में सिख सांस्कृतिक केंद्र और गुरुद्वारे की दीवारों पर भित्तिचित्र। / Biplob Kumar Das

न्यूयॉर्क के क्वींस में रिचमंड हिल्स इलाके में स्थित एक सिख सांस्कृतिक केंद्र और गुरुद्वारे की दीवारों पर 27 दिसंबर को अज्ञात लोगों ने घृणास्पद भित्तिचित्र बना दिए। समुदाय के सदस्यों ने इसे घृणा अपराध बताया और सुरक्षा संबंधी चिंताएं जताईं। गुरुद्वारा समिति ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है और न्यूयॉर्क पुलिस विभाग इस घटना की जांच कर रहा है।

बाबा मक्खन शाह लुबाना सिख केंद्र, जिसमें एक गुरुद्वारा भी है, पंजाब एवेन्यू पर स्थित है, जो न्यूयॉर्क के 'लिटिल पंजाब' के नाम से मशहूर है। केंद्र की दीवारों पर स्प्रे पेंट से EW और SMD लिखा गया था। यह स्पष्ट नहीं है कि घटना कब हुई।

'लिटिल पंजाब' में सामुदायिक कार्यकर्ता और गुरुद्वारे में नियमित रूप से आने वाले जपनीत सिंह ने कहा कि मुझे इस घटना के बारे में तब पता चला जब समिति के एक युवा सदस्य ने मुझे तस्वीरें भेजीं और बताया कि केंद्र की दीवारों पर ये घृणास्पद भित्तिचित्र बने हुए हैं। मेरी चिंता यह है कि अगर वे हमारी दीवारों के साथ ऐसा कर सकते हैं, तो उन्हें गुरुद्वारे के अंदर आकर खतरा पैदा करने से कौन रोकेगा।

पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के अलावा शहर के नए मेयर जोहरान ममदानी के कार्यालय को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल के कार्यालय को भी घटना की सूचना दी गई है।

गुरुद्वारा समिति के पूर्व अध्यक्ष और अभी भी सदस्य दलेर सिंह ने कहा कि हम इस घटना से बेहद स्तब्ध हैं। 1999 में इसके निर्माण के बाद से गुरुद्वारे में ऐसा पहली बार हुआ है। सभी सदस्य बेहद चिंतित हैं और घटना को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चूंकि केंद्र के उस तरफ सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, इसलिए हम उन व्यक्तियों की पहचान नहीं कर पाए। समिति ने पुलिस विभाग के पास रहने वाले स्थानीय निवासियों के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने का अनुरोध किया है ताकि इस घटना को अंजाम देने वाले व्यक्तियों की पहचान की जा सके।

यह केंद्र उस इलाके में एक प्रमुख स्थान रखता है जहां कई पंजाबी व्यवसायी और सिख निवासी रहते हैं। जपनीत ने कहा कि ऐसा हो ही नहीं सकता कि ऐसा करने वाले लोग इस केंद्र के धार्मिक महत्व और इसके अंदर स्थित गुरुद्वारे के बारे में न जानते हों। यह विशुद्ध रूप से नस्लवाद और घृणा का कृत्य था। 

Comments

Related