ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

गौतम अडानी ने रईसी में मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ा, एशिया के सबसे अमीर इंसान बने

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, संपत्ति में उल्लेखनीय बढ़ोतरी अडानी की कुल संपत्ति 111 बिलियन डॉलर हो गई है, जो मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 109 बिलियन डॉलर से अधिक है।

 गौतम अडानी अब दुनिया के 11वें सबसे रईस इंसान हैं।  गौतम अडानी अब दुनिया के 11वें सबसे रईस इंसान हैं।  / Image : X @gautam_adani

भारत में अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने नेटवर्थ के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स की नई रिपोर्ट के मुताबिक, दौलत में बढ़ोतरी के साथ गौतम अडानी एशिया के सबसे अमीर इंसान और दुनिया के 11वें सबसे रईस बन गए हैं। 

रिपोर्ट्स बताती हैं कि पिछले दिनों में शेयर बाजार में अडानी की लिस्टेड कंपनियों के शेयरों की कीमतों में काफी उछाल देखी गई है। शुक्रवार से अडानी की कुल संपत्ति में 5.45 बिलियन डॉलर यानी 45,000 करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। 

ब्लूमबर्ग के अनुसार, संपत्ति में उल्लेखनीय बढ़ोतरी अडानी की कुल संपत्ति 111 बिलियन डॉलर हो गई है, जो मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 109 बिलियन डॉलर से अधिक है। इस उलटफेर के साथ अंबानी दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

इतना ही नहीं, गौतम अडानी 2024 में अरबपतियों में सबसे अधिक कमाई करने वाले बिजनेसमेन में शामिल हैं। 1 जनवरी 2024 से उन्होंने 26.8 बिलियन डॉलर की कमाई की है। इस दौरान मुकेश अंबानी की संपत्ति में 12.7 बिलियन डॉलर की वृद्धि हुई है।

गौरतलब है कि गौतम अडानी के लिए 2023 का साल काफी चुनौतीपूर्ण रहा था। 24 जनवरी 2023 को अमेरिकी शॉर्ट सेलर कंपनी हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अडानी के शेयरों में भारी गिरावट आई थी। इसी के साथ वह दुनिया के टॉप-10 अरबपतियों की लिस्ट से बाहर हो गए थे। एक समय तो वह टॉप-30 से भी नीचे चले गए थे। अब करीब 16 महीने बाद उन्होंने एशिया के सबसे अमीर इंसान का खिताब फिर से अपने नाम कर लिया है।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, बर्नार्ड अर्नोल्ट 207 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर इंसान हैं। उनके बाद दूसरे नंबर पर एलन मस्क हैं, जिनकी संपत्ति 203 अरब डॉलर हैं। टॉप-5 अमीरों में जेफ बेजोस, मार्क जकरबर्ग और लैरी पेज भी शामिल हैं। दिलचस्प तथ्य ये भी है कि टॉप-10 लिस्ट में सभी रईस अमेरिका के रहने वाले हैं। 
 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?