ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

ह्यूस्टन में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का जश्न मनाया, अयोध्या से आया था प्रसाद

अमेरिका के ह्यूस्टन में गैर-लाभकारी संगठन श्री सीता राम फाउंडेशन (SSRF) ने राम मंदिर निर्माण को लेकर अपनी भावना को अभिव्यक्त करने के लिए एक समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में लगभग 400 लोगों ने भाग लिया।

ह्यूस्टन में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 400 लोगों ने भाग लिया। / @ShreyoshiGuha

अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उत्साह और उल्लास का वातावरण पूरी दुनिया में है। राम मंदिर को लेकर दुनिया भर में जश्न चल रहा है। अमेरिका के ह्यूस्टन में गैर-लाभकारी संगठन श्री सीता राम फाउंडेशन (SSRF) ने राम मंदिर निर्माण को लेकर अपनी भावना को अभिव्यक्त करने के लिए एक समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में लगभग 400 लोगों ने भाग लिया।

समारोह की शुरुआत भजनों के साथ हुई। इसके साथ ही सुंदरकांड पाठ, राम लीला, राम भजन हुए। विशेष रूप से तैयार की गई वेदिका में हवन किया गया और भगवान राम का पट्टाभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान राम की शोभा यात्रा निकाली गई। अयोध्या से विशेष तौर पर लाए गए प्रसाद के वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

पूरे आयोजन स्थल में भारत के राष्ट्रीय ध्वज और भगवान राम के झंडे लगाए गए थे। श्री सीता राम फाउंडेशन के अध्यक्ष अरुण वर्मा ने कहा कि भगवान राम की कृपा से विपरित मौसम के बावजूद हमने हवन, सांस्कृतिक कार्यक्रम किया और मनमोहक शोभा यात्रा निकाली। इसमें श्रद्धालुओं और प्रमुख नेताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल लोगों ने बड़े ही उत्साह के साथ भगवान राम की 500 साल बाद वापसी का जश्न मनाया गया।

फाउंडेशन ग्रेटर ह्यूस्टन क्षेत्र में सालाना सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत राम लीला, दशहरा-दिवाली उत्सव और वार्षिक रथ यात्रा का आयोजन करता है। वर्मा ने कहा कि कार्यक्रम में भारतीय अमेरिकी, अमेरिकी नागरिक और सभी मंदिरों के पुजारी आदि पहुंचे थे। अतिथियों में जज जूली मैथ्यूज, जज सुरेंद्रन पटेल, शरदंबा मंदिर से डॉ. दासिका आदि शामिल थे।

बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर के भव्य उद्घाटन से कुछ समय पहले पहले ह्यूस्टन में उत्साह से सराबोर भक्तों ने भगवान राम को समर्पित एक विस्मयकारी और अभिनव ‘टेस्ला कार लाइट शो' का आयोजन किया था। खुद को ‘ग्रेटर ह्यूस्टन में रामजी की गिलहरियां' कहने वाले 100 से अधिक टेस्ला कार ओनर ‘लाइट शो' के लिए श्री गुरुवायुरप्पन कृष्ण मंदिर में जमा हुए थे। इस ‘लाइट शो' की पूरी दुनिया में चर्चा हुई थी।

Comments

Related