ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

हंगरी में होली : भारतीय दूतावास में रंग-पर्व की धूम, समुदाय में उल्लास

मेहमानों का स्वागत करते हुए ASCC के निदेशक डॉ. मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि होली मिलन समारोह की मेजबानी करके हम प्रसन्न हैं। इसलिए कि होली एक ऐसा त्योहार है जो मन और सरहदों की दीवारें तोड़ता है।

समुदाय के लोगों ने नाच-गाकर मनाया रंगों का त्योहार। / Image : ASCC

भारत सहित दुनिया के अनेक देशों में रंगों का त्योहार होली उल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में बुडापेस्ट, हंगरी स्थित अमृता शेरगिल सांस्कृतिक केंद्र (ASCC) में 22 मार्च भारतीय दूतावास की ओर से रंगों का त्योहार होली मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोगों के अलावा हंगरी में भारत-प्रेमी शामिल हुए। होली मिल समारोह में रंगों की तरह ही सामुदायिक विविधता देखने को मिली। 

होली रंगों का त्योहार है। भारतीय संस्कृति और समुदाय के बीच यह एक महत्वपूर्ण और खुशी का अवसर है। यह पर्व सामुदायिक मेल-मिलाप और वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक माना जाता है। इस दृष्टि से अमृता शेरगिल सांस्कृतिक केंद्र में मनाया गया उत्सव एकता और सांस्कृतिक सद्भाव की भावना का प्रतिबिंब था।
 

इस मौके पर बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी। / Image : ASCC

उत्सव में शामिल लोगों ने पारंपरिक भारतीय संगीत, नृत्य प्रदर्शन और रंगों की बौछार का आनंद लिया। हर ओर उल्लास के रंग थे। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम विभिन्न पृष्ठभूमि के लोगों को एक साथ लेकर आया जिससे उपस्थित लोगों के बीच मित्रता और सौहार्द को बढ़ावा मिला।

मेहमानों का स्वागत करते हुए ASCC के निदेशक डॉ. मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि होली मिलन समारोह की मेजबानी करके हम प्रसन्न हैं। इसलिए कि होली एक ऐसा त्योहार है जो मन और सरहदों की दीवारें तोड़ता है। यह लोगों को एक-दूसरे के करीब लाता है ताकि वे उत्साह के साथ खूशी के रंगों में डूब सकें। होली के रंगों में सराबोर होते हुए हमे यह ध्यान रखना चाहिए कि यह उत्सव प्रेम, दोस्ती और सामूहिकता की प्रतीक है। हमारी कामना है कि इस त्योहार के माध्यम से हमारे राष्ट्रों और समुदायों के बीच दोस्ती और समझ के रंग दमक उठें। 

समारोह में शामिल लोगों ने राग-रंग के साथ पारंपरिक भारतीय व्यंजनों का भी आनंद लिया। डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि अमृता शेरगिल सांस्कृतिक केंद्र का उद्देश्य विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पहलों के माध्यम से सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना और भारत-हंगरी संबंधों को मजबूत करना है।
 

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in