ADVERTISEMENTs

कमला हैरिस: अमेरिका की सियासी शक्ति के भविष्य को आकार देती एक महिला

यह चुनाव महज राजनीति से कहीं अधिक है। ये अमेरिका के भविष्य के बारे में है। इस परिवर्तन के केंद्र में हैं कमला हैरिस।

रमेश कपूर (दाएं) और राजेंद्र डिचपल्ली के साथ कमला हैरिस। / image provided

(रमेश विश्वनाथ कपूर)

1986 से लेकर अब तक मैंने माइक डुकाकिस, बिल क्लिंटन, अल गोर, जॉन केरी, बराक ओबामा, जो बाइडेन के राष्ट्रपति चुनावों में सक्रिय योगदान दिया है, और अब  कमला हैरिस के चुनाव में सक्रिय भागीदारी कर रहा हूं। 2024 का चुनाव एक निर्णायक अवसर है, खासकर भारतीय-अमेरिकी समुदाय, अश्वेत महिलाओं और देश भर के प्रवासियों के लिए।
 
यह चुनाव महज राजनीति से कहीं अधिक है। ये अमेरिका के भविष्य के बारे में है। इस परिवर्तन के केंद्र में हैं कमला हैरिस जो कि एक ट्रेलब्लेज़र, राष्ट्रपति पद के रेस में उतरीं पहली अश्वेत और भारतीय अमेरिकी महिला हैं। वह सभी अमेरिकियों के लिए उन्नति की उम्मीद हैं।

कमला हैरिस से मैं पहली बार 2016 में उनके अमेरिकी सीनेट के चुनाव के दौरान मिला था। तब मैंने उनके लिए एक फंडरेजर कार्यक्रम की मेजबानी की थी। तभी से मुझे आभास हो गया था कि वह अमेरिकी राजनीति पर एक स्थायी छाप छोड़ने वाली नेता बनेंगी। 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में मैंने शीर्ष नेतृत्वकारी भूमिका निभाई थी और बाइडेन-हैरिस के अभियान पर गर्व से समर्थन किया था।

कमला हैरिस को उनके अप्रवासी माता-पिता (भारतीय मां और जमैकन पिता) से आकार मिला है, जिन्होंने उनके अंदर न्याय, दृढ़ता और समुदाय के महत्व की एक मजबूत भावना का बीज बोया है। हैरिस का जन्म कैलिफोर्निया के ओकलैंड में एक भारतीय ब्रेस्ट कैंसर रिसर्चर श्यामला गोपालन और जमैका के अर्थशास्त्री डोनाल्ड हैरिस के घर हुआ। विरासत और संस्कृति के इस अनूठे मेल ने उन्हें एक ऐसे व्यक्ति के रूप में ढाला है जो एक अश्वेत होने के नाते अमेरिका में ऐसे समुदाय के सामने आने वाली चुनौतियों और अवसरों दोनों से गहराई से परिचित हैं।

कमला के ऊपर उनकी मां का गहरा प्रभाव है। श्यामला ने अपनी बेटियों के अंदर अपनी पहचान, गर्व और कर्तव्य की मजबूत भावना पैदा की है। हैरिस ने अक्सर कहानियों में बताया है कि किस तरह उनकी मां उनसे कहती थीं कि आप पहले ऐसे व्यक्ति हो सकते हैं जो कई चीजें पहली बार कर रहा हो, लेकिन आपको सुनिश्चित करना होगा कि आप ऐसे आखिरी न हों। ये शब्द पूरे करियर में कमला हैरिस के लिए एक मार्गदर्शक का काम करते रहे हैं।

कमला ने कैलिफोर्निया की पहली अश्वेत व भारतीय अटॉर्नी जनरल होने से लेकर अमेरिका की पहली महिला उपराष्ट्रपति बनने तक लगातार नए मापदंड स्थापित किए हैं। सीनेट की रेस से लेकर उपराष्ट्रपति पद तक और अब 2024 में राष्ट्रपति पद के चुनाव में मैंने खुद अपनी आंखों से विविध समुदायों को प्रेरित करने और एकजुट करने की उनकी क्षमता देखी है। कमला का उदय सभी अमेरिकियों और खासतौर से भारतीय अमेरिकियों के लिए एक नए युग का प्रतीक है। उनकी सफलता हमें एक ऐसे भविष्य की कल्पना करने के लिए प्रोत्साहित करती है जहां सरकार के उच्चतम स्तरों पर हमारा प्रतिनिधित्व होगा।

कमला का नेतृत्व अप्रवासी परिवारों, उनकी पहचान और समावेशी नीतियों की जरूरत की समझ पर आधारित है। आपराधिक न्याय सुधार, स्वास्थ्य देखभाल और इमिग्रेशन अधिकारों से निपटने की उनकी प्रतिबद्धता ऐसे मूल्यों को दर्शाती है जो हमें प्रिय हैं। वह लोगों के एकसाथ जोड़ती हैं, असली परिवर्तन लाने के लिए नस्लीय, जातीय व लैंगिक समानता के लिए काम करती हैं।
 
कमला की यात्रा सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि के बारे में नहीं हैं, यह इस बात का प्रतीक है कि भारतीय अमेरिकियों और हाशिए पर पड़े सभी समुदायों के लिए क्या कुछ किया जा सकता है। यह अमेरिका के भविष्य को आकार देने की हमारी क्षमता का एक उदाहरण है। लेकिन यह तो सिर्फ शुरुआत है। हमें अधिक से अधिक प्रतिनिधित्व के लिए प्रयास करते रहना चाहिए और राजनीतिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से हिस्सा लेना चाहिए। मतदान करना, समुदायों को संगठित करना और युवा भारतीय अमेरिकियों को पब्लिक सर्विस में आने के लिए प्रोत्साहित करना इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं कि हमारी आवाज सुनी जाए।

5 नवंबर का चुनाव हमारे लिए नया इतिहास बनाने का एक अनूठा अवसर है। कमला हैरिस की कहानी हमारी कहानी है। दृढ़ता, प्रतिनिधित्व और अमेरिकन ड्रीम की कहानी है। हैरिस-वाल्ज़ का समर्थन करके और अगली पीढ़ी के नेताओं को सशक्त बनाकर, हम एक ऐसा भविष्य बनाने में सहयोग दे सकते हैं जहां सभी समुदायों को प्रतिनिधित्व मिले और अमेरिका को आकार देने में हमारी भी सुनी जाए। हमने डायस्पोरा पर केंद्रित एक वेबसाइट indianamericansforkamaladeviharris.com भी लॉन्च की है जो हमारे समुदाय को इस परिवर्तनकारी यात्रा में शामिल होने और उसका हिस्सा बनने का अवसर देती है। आइए एकजुटता के साथ एक हो जाएं और कमला हैरिस को संयुक्त राज्य अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में चुनकर इतिहास बनाएं ।

(लेखक रमेश विश्वनाथ कपूर यूएस इंडिया सिक्योरिटी काउंसिल इंक के प्रेसिडेंट और हैरिस विक्ट्री फंड (नेशनल फाइनैंस कमिटी) के सह-अध्यक्ष हैं।)

Comments

Related

ADVERTISEMENT

 

 

 

ADVERTISEMENT

 

 

E Paper

 

 

 

Video