ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

भारत के दिग्गज शूटर जसपाल राणा का निधन, देश में शोक की लहर

भारत के दिग्गज शूटर जसपाल राणा पर के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने कहा कि जसपाल राणा का जाना भारतीय खेल जगत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है।

 जसपाल राणा जसपाल राणा / @rajnathsingh/X

भारत के पूर्व शूटर और दिग्गज शूटिंग कोच जसपाल राणा का शुक्रवार को 49 साल की उम्र में निधन हो गया। जसपाल एशियाई खेलों के पूर्व गोल्ड मेडलिस्ट थे और ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर की सफलता में भी उनका अहम योगदान रहा। 

रिपोर्ट्स के अनुसार, जसपाल म्यूनिख में हुए आईएसएसएफ वर्ल्ड कप के बाद जर्मनी से लौट रहे थे और इस दौरान उनकी अचानक से तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह मौजूदा समय में भारतीय पिस्टल निशानेबाजों के हाई परफॉर्मेंस कोच के रूप में काम कर रहे थे। उनकी अगुवाई में भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में दो गोल्ड और दो सिल्वर मेडल जीतने में सफल रही थी।

जसपाल ने अपने करियर के दौरान एशियाई खेलों, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियाई चैंपियनशिप में कई मेडल जीते और भारत के दमदार शूटर के तौर पर विश्व में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने अपने शानदार करियर में कॉमनवेल्थ गेम्स के चार संस्करणों- 1994, 1998, 2002 और 2006 में भारत का प्रतिनिधित्व किया और कुल 15 पदक जीते। इनमें 9 गोल्ड, 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे। इसके अलावा उन्होंने एशियन गेम्स में भी देश के लिए कई मेडल जीते। 1994, 1998 और 2006 के एशियन गेम्स में उन्होंने कुल 8 मेडल हासिल किए। 

खिलाड़ी के साथ-साथ उनका योगदान बतौर कोच भी यादगार रहा। उन्होंने अपनी अगुवाई में भारत को कई बड़े शूटर दिए, जिन्होंने विश्व स्तर पर देश का परचम लहराया। जसपाल को एनआरएआई द्वारा 25 मीटर पिस्टल इवेंट के लिए हाई परफॉर्मेंस कोच नियुक्त किया गया था। इस खेल में कड़ी ट्रेनिंग रूटीन को शुरू करने का श्रेय जसपाल को दिया जाता है। जसपाल की देखरेख में पेरिस ओलंपिक में मनु भाकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल जीते थे। मनु यह कारनामा करने वाली पहली भारतीय शूटर बनी थीं। जसपाल को बतौर कोच उनके योगदान के लिए साल 2020 में द्रोणाचार्य अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था।

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के अध्यक्ष कलिकेश नारायण सिंह देव ने आईएएनएस के साथ बातचीत करते हुए जसपाल के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा, "यह बहुत बड़ी क्षति है। वह न केवल एक चैंपियन शूटर थे, बल्कि एक बेहतरीन मेंटर भी थे। वह हमेशा हमारी यादों में रहेंगे।" 

जसपाल राणा का निधन भारतीय शूटिंग के लिए बहुत बड़ा झटका है। अपने करियर के दौरान उन्होंने इस खेल को भारत में पहचान दिलाई और युवा पीढ़ी को शूटिंग में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री की श्रद्धांजलि, सियासी जगत में भी शोक

भारत के दिग्गज शूटर जसपाल राणा पर के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने कहा कि जसपाल राणा का जाना भारतीय खेल जगत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- जसपाल राणा जी के निधन की खबर बहुत दुखद है। वह एक जाने-माने शूटर थे, जिनके शानदार प्रदर्शन ने देश का नाम रोशन किया। ग्लोबल शूटिंग कॉम्पिटिशन में कई मेडल जीतने वाले राणा ने खुद को भारतीय खेलों के एक आइकॉन के तौर पर स्थापित किया। एक एथलीट और मेंटर के तौर पर, उन्होंने युवा टैलेंट को निखारकर एक स्थायी योगदान दिया। उनका समर्पण, अनुशासन और बेहतरीन काम करने की प्रतिबद्धता आने वाली कई पीढ़ियों के खिलाड़ियों को प्रेरित करती रहेगी। मैं उनके परिवार, दोस्तों और खेल समुदाय के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि जसपाल राणा के निधन से गहरा दुख हुआ। उनका जाना भारतीय खेल जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने शूटिंग में अपनी असाधारण उपलब्धियों से देश का मान बढ़ाया। एक मेंटोर के तौर पर भी उनका योगदान उतना ही उल्लेखनीय रहा। उन्होंने अत्यंत समर्पण के साथ युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया और उनका मार्गदर्शन किया। बेहतरीन प्रदर्शन, अनुशासन और खेल जगत की सेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता ने उन्हें सम्मान दिलाया। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और पूरे खेल जगत के साथ हैं। ओम शांति।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शूटर जसपाल राणा के आकस्मिक निधन से मैं स्तब्ध और शोकाकुल हूं। जसपाल एक उत्कृष्ट खिलाड़ी और कोच होने के साथ-साथ अत्यंत सहज, सरल और बहुत ही नेक दिल इंसान थे। भारत में शूटिंग को एक खेल के रूप में लोकप्रिय बनाने में उनकी बड़ी प्रभावी भूमिका थी।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जसपाल राणा के निधन पर दुख जताया और उनसे मुलाकात की फोटो शेयर करते हुए एक्स पोस्ट में लिखा, ''महान एथलीट और मशहूर शूटिंग कोच जसपाल राणा के निधन से बहुत दुख हुआ। भारतीय शूटिंग में उनका योगदान और युवा टैलेंट को आगे बढ़ाने के लिए उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।''

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "प्रख्यात् भारतीय निशानेबाज, पद्मश्री से अलंकृत जसपाल राणा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनका जाना भारतीय खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। जसपाल जी ने अपने शानदार खेल जीवन में अनेक अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल कर भारत का गौरव विश्व पटल पर स्थापित किया। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा, "अंतररराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाने वाले प्रख्यात शूटर और कोच जसपाल राणा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। अपनी असाधारण प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण से उन्होंने निशानेबाजी में देश को अनेक गौरवपूर्ण क्षण दिए। खिलाड़ी के रूप में उपलब्धियों से लेकर कोच के रूप में नई प्रतिभाओं को निखारने तक, उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। उनका निधन भारतीय खेल जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार एवं उनके प्रशंसकों को इस कठिन समय में संबल दें।"

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''विश्वप्रसिद्ध भारतीय शूटर, शूटिंग कोच, 'पद्म श्री' जसपाल राणा का निधन अत्यंत दुखद एवं भारतीय खेल जगत की अपूरणीय क्षति है। विनम्र श्रद्धांजलि। वैश्विक पटल पर भारत को गौरवभूषित करने वाली उनकी असाधारण उपलब्धियां तथा युवा खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके प्रशंसकों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।''

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा,''पद्मश्री व अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध भारतीय निशानेबाज एवं कुशल प्रशिक्षक जसपाल राणा के असामयिक निधन की सूचना अत्यंत दुखद है तथा खेल जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मेरी गहन संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्होंने अपनी अद्वितीय प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण से भारतीय निशानेबाजी को वैश्विक पहचान दिलाई तथा अनेक खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता के शिखर तक पहुंचाया। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों व उनके प्रशंसकों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।''

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी ने जसपाल राणा के निधन पर दुख जताते हुए लिखा, "देवभूमि उत्तराखंड के सपूत, पद्मश्री से अलंकृत, भारतीय निशानेबाजी जगत के गौरव जसपाल राणा के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। निशानेबाजी के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान, ऐतिहासिक उपलब्धियों एवं युवा खिलाड़ियों को दी गई प्रेरणा ने भारत को वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित किया। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका निधन खेल जगत, उत्तराखंड तथा पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों, शुभचिंतकों एवं असंख्य प्रशंसकों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिखा, "अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शूटर एवं प्रख्यात कोच जसपाल राणा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। भारतीय निशानेबाजी को नई पहचान दिलाने और अनेक खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके निधन से देश के खेल जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों और उनके असंख्य प्रशंसकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने एक्स पोस्ट में लिखा, ''वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप एवं एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट, अंतरराष्ट्रीय शूटर जसपाल राणा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। आपका जाना खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत को शांति एवं शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति दें।''

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जसपाल राणा के निधन पर दुख जाहिर करते हुए एक्स पोस्ट में लिखा, ''भारतीय खेलों में एक बड़ी हस्ती और हमारे सबसे महान शूटिंग चैंपियन में से एक जसपाल राणा के निधन से बहुत दुख हुआ। दुनिया भर में भारत का नाम रोशन करने से लेकर शूटर्स की आने वाली पीढ़ियों को तैयार करने तक, भारतीय खेलों में उनका योगदान सच में बहुत खास था। उन्होंने अपने राज्य उत्तराखंड के लिए काम करने के लिए पब्लिक सर्विस में भी काम किया। उनके परिवार, दोस्तों और पूरी खेल बिरादरी के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।''

कांग्रेस सांसद और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने जसपाल राणा के निधन पर लिखा,''भारतीय निशानेबाजी जगत के महानायक, पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात शूटर और कोच जसपाल राणा के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद और स्तब्धकारी है। उन्होंने अपने अद्वितीय कौशल, अनुशासन और समर्पण से भारतीय खेल जगत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। एक खिलाड़ी के रूप में उनके असंख्य अंतरराष्ट्रीय पदक और एक कोच के रूप में युवा प्रतिभाओं को तराशने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। भारतीय निशानेबाजी के स्वर्णिम अध्यायों में उनका नाम सदैव सम्मान के साथ लिया जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार, मित्रों, शिष्यों और उनके असंख्य प्रशंसकों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें।''


नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के अध्यक्ष कलिकेश नारायण सिंह देव ने भी जसपाल राणा के निधन पर शोक जताया। उन्होंने आईएएनएस से ​​कहा कि यह बड़ी क्षति है। वह न सिर्फ एक चैंपियन शूटर थे, बल्कि एक बेहतरीन मेंटोर भी थे। उनकी बहुत याद आएगी।

अन्य खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें न्यू इंडिया अब्रॉड
 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?