ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

H-1B 2027 कैप भरते ही क्या बदला? USCIS ने खोले नए आवेदन

USCIS ने कहा कि 1 अप्रैल से वह केवल फार्म I-129 का नया संस्करण वित्त वर्ष 2027 के सभी एच-1बी आवेदनों के लिए स्वीकार करेगा।

H-1B / REUTERS/Dado Ruvic/Illustration

अमेरिकी नागरिकता और आव्रजन सेवा (यूएससीआईएस) ने कहा कि उसे वित्त वर्ष 2027 के एच-1बी वीज़ा की सीमा, जिसमें उच्च डिग्री छूट (एडवांस्ड डिग्री एग्जेम्प्शन) भी शामिल है, को पूरा करने के लिए पर्याप्त इलेक्ट्रॉनिक पंजीकरण प्राप्त हो गए हैं। इसके साथ ही 1 अप्रैल से आवेदन के अगले चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 

एजेंसी ने पुष्टि की कि उसने “उचित रूप से जमा किए गए पंजीकरणों में से पर्याप्त लाभार्थियों का चयन कर लिया है ताकि एच-1बी सीमा पूरी की जा सके” और जिन आवेदकों के लाभार्थी चुने गए हैं, उन्हें सूचित कर दिया गया है। केवल उन्हीं के पास, जिनका पंजीकरण चयनित हुआ है, वित्त वर्ष 2027 के लिए एच-1बी कैप आधारित याचिकाएँ दाखिल करने की पात्रता है।

एजेंसी ने कहा कि पंजीकृत आवेदक अपने ऑनलाइन यूएससीआईएस खातों के माध्यम से अपनी स्थिति की जांच कर सकते हैं।

चयनित लाभार्थियों के लिए याचिकाएँ 1 अप्रैल 2026 से दाखिल की जा सकती हैं। यूएससीआईएस ने बताया कि आवेदन की अवधि कम से कम 90 दिनों की होगी और प्रत्येक याचिका के साथ संबंधित चयन सूचना (सेलेक्शन नोटिस) की प्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन सही स्थान पर या एजेंसी के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही जमा करने होंगे।

एजेंसी ने दस्तावेज़ीकरण से जुड़ी एक अनुपालन शर्त भी लागू की है। प्रत्येक याचिका में पंजीकरण के दौरान दी गई पहचान और पद से संबंधित जानकारी का मेल होना चाहिए। याचिकाकर्ताओं को पंजीकरण के समय उपयोग किए गए लाभार्थी के वैध पासपोर्ट या यात्रा दस्तावेज़ का प्रमाण, साथ ही घोषित वेतन स्तर के समर्थन में साक्ष्य प्रस्तुत करना होगा।

यूएससीआईएस ने कहा कि 1 अप्रैल से वह केवल फार्म I-129 का नया संस्करण वित्त वर्ष 2027 के सभी एच-1बी आवेदनों के लिए स्वीकार करेगा।

यह घोषणा एक अतिरिक्त वित्तीय शर्त के साथ भी आई है, जो राष्ट्रपति की घोषणा से जुड़ी है। एजेंसी के अनुसार, 21 सितंबर 2025 या उसके बाद दाखिल किए गए कुछ एच-1बी आवेदनों के साथ पात्रता की शर्त के रूप में अतिरिक्त 100,000 डॉलर का भुगतान करना आवश्यक होगा।

यूएससीआईएस ने यह भी स्पष्ट किया कि पंजीकरण प्रक्रिया में चयन होने का मतलब यह नहीं है कि आवेदन स्वीकृत ही हो जाएगा। याचिकाकर्ताओं को अभी भी पात्रता साबित करनी होगी और फार्म I-129 के निर्देशों के अनुसार सभी आवश्यक दस्तावेज़ जमा करने होंगे।

वर्ष 2027 के लिए यूएससीआईएस ने एक नई वेटेड चयन प्रणाली लागू की है, जिसके तहत आक्यूपेशनल इम्पालइमेंट एंड वेज स्टेटिक्स (ओईडब्ल्यूएस) के वेतन स्तर के आधार पर अधिक कुशल और अधिक वेतन पाने वाले आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी।

कांग्रेस ने वार्षिक एच-1बी सीमा 65,000 वीज़ा तय की है, जिसमें से 6800 वीज़ा एच-1बी1 कार्यक्रम के तहत चिली और सिंगापुर के साथ अमेरिकी व्यापार समझौतों के लिए आरक्षित हैं। इसके अतिरिक्त, अमेरिकी संस्थानों से उच्च डिग्री रखने वाले आवेदकों के लिए 20,000 वीज़ा अलग से उपलब्ध हैं।

कुछ श्रेणियाँ इस सीमा से मुक्त रहती हैं। इनमें अमेरिकी उच्च शिक्षा संस्थानों द्वारा दायर याचिकाएं और गुआम व नॉर्दर्न मारियाना द्वीपसमूह में कार्यरत कर्मचारियों से संबंधित आवेदन शामिल हैं, बशर्ते वे 31 दिसंबर 2029 से पहले दाखिल किए जाएं।

एच-1बी वीज़ा कार्यक्रम का व्यापक रूप से उपयोग अमेरिकी कंपनियों द्वारा विशेष कौशल वाले विदेशी कर्मचारियों को नियुक्त करने के लिए किया जाता है। खासकर तकनीक, इंजीनियरिंग और शोध के क्षेत्रों में। हर वर्ष एच-1बी वीज़ा पाने वालों में भारतीय नागरिकों की हिस्सेदारी काफी बड़ी होती है।
 

Comments

Related