ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

गुरपतवंत सिंह पन्नू मामले में बाइडेन सरकार ने भारत से जवाबदेही पर दिया जोर

अमेरिकी धरती पर पन्नू की हत्या की कथित साजिश के मामले में अमेरिकी विदेश मंत्रालय के उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने सरकार का रुख दोहराया है।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के उप प्रवक्ता वेदांत पटेल / photo: US Department of State

अमेरिका की धरती पर गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की असफल कोशिश के मामले में बाइडेन सरकार ने भारत सरकार के एक अधिकारी के कथित तौर पर शामिल होने के आरोप में जवाबदेही तय करने पर जोर दिया है।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में सरकार का रुख दोहराते हुए कहा कि हम पिछली गर्मियों में अमेरिकी सरजमीं पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या के असफल प्रयास में भारत सरकार की कथित भूमिका के संबंध में जवाबदेही की उम्मीद करते हैं।

पटेल ने जोर देकर कहा कि अमेरिका अपनी चिंताओं को जाहिर करने के लिए उच्च स्तरों पर भारतीय अधिकारियों से बातचीत कर रहा है। उन्होंने कहा कि हम अपनी चिंताओं को सीधे भारत सरकार के सामने उच्च स्तरों पर उठाते रहेंगे।

पटेल ने हालांकि हाल ही में आई उस खबर पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जिसमें कनाडा में पांच भारतीय नागरिकों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है। इन पर एक शादी समारोह में सिख अलगाववादियों को निशाना बनाने की साजिश रचने का आरोप है। 

पटेल ने कहा कि यह मामला कनाडा से आ रही खबरों से जुड़ा है इसलिए आपको कानून व्यवस्था को लेकर कनाडा सरकार की टिप्पणियों पर गौर करना चाहिए। 

गौरतलब है कि नवंबर 2023 में अमेरिका के फेडरल अभियोजकों ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता पर आरोप लगाए थे कि उसने एक भारतीय सरकारी अधिकारी के साथ मिलकर न्यूयॉर्क में सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रची थी। गुप्ता को जून 2023 में चेक गणराज्य से गिरफ्तार करके इस साल 14 जून को अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया है।

भारत में आतंकवादी घोषित पन्नू के पास अमेरिका और कनाडा दोनों की नागरिकता है। नवंबर में अमेरिकी न्याय विभाग ने सिख अलगाववादी आंदोलन के नेता पन्नू की हत्या की नाकाम साजिश का आरोप लगाते हुए एक भारतीय नागरिक पर मुकदमा चलाने का ऐलान किया था। 

Comments

Related