ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

कहीं रामायण तो कहीं क्रिकेट के जरिए भारतीय पर्यटकों को लुभा रहे श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया

भारत में श्रीलंका के उच्चायुक्त ने अभियान की घोषणा करते हुए कहा कि रामायण महज एक कहानी नहीं है, यह संस्कृति, आध्यात्मिकता और विरासत की पूंजी है।

श्रीलंकन एयरलाइंस ने रामायण काल से संबंधित 50 स्थलों को शामिल करते हुए 'रामायण ट्रेल' पैकेज पेश किया है। / X @flysrilankan

भारतीय पर्यटकों को लुभाने के लिए श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया ने अनोखे कार्यक्रम शुरू किए हैं। श्रीलंकाई एयरलाइंस ने जहां रामायण से जुड़े स्थलों पर आधारित पैकेज की पेशकश की है, वहीं ऑस्ट्रेलिया ने क्रिकेट थीम वाला अभियान शुरू किया है।

श्रीलंकन एयरलाइंस ने रामायण काल से संबंधित 50 स्थलों को शामिल करते हुए 'रामायण ट्रेल' पैकेज पेश किया है। इसमें सीता अम्मन मंदिर और रुमासाला पहाड़ी जैसे स्थलों को हाइलाइट किया गया है। सीता अम्मन मंदिर के बारे में कहा जाता है कि यहीं पर सीता जी ने कैद के दौरान प्रार्थना की थी। रुमासाला पहाड़ी का संबंध रामायण में हिमालय से जोड़ा गया है। 

भारत में श्रीलंका के उच्चायुक्त ने हाल ही दिल्ली में इस अभियान की औपचारिक घोषणा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि रामायण महज एक कहानी नहीं है, यह संस्कृति, आध्यात्मिकता और विरासत की पूंजी है। इसने भारत और श्रीलंका के बीच संबंध को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया है। 

श्रीलंकन एयरलाइंस के सीईओ रिचर्ड नट्टल ने रामायण ट्रेल की जानकारी देते हुए यात्रियों को समृद्ध अनुभव प्रदान करने में एयरलाइंस की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमारे गुरुओं ने रामायण ट्रेल का अद्भुत आइडिया दिया था। हमें उम्मीद है कि यह श्रीलंका में भारतीय पर्यटन को एक नए स्तर पर ले जाएगा।

सरकारी आंकड़े बताते हैं कि भारत से श्रीलंका में पर्यटकों की संख्या में काफी उछाल आया है। अक्टूबर में श्रीलंका में विदेशी आगंतुकों में सबसे ज्यादा 26.8 प्रतिशत भारतीय थे। इस दौरान भारत से लगभग 36,000 यात्री श्रीलंका आए थे।

भारतीय यात्रियों की सुविधा के लिए श्रीलंका ने हाल ही में भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) को भी अपने यहां लागू किया है। इससे भारतीय पर्यटकों को निर्बाध सीमा पार लेनदेन और डिजिटल कनेक्टिविटी की सुविधा मिल रही है। 

उधर टूरिज्म ऑस्ट्रेलिया ने 'हाउज़ैट फॉर ए हॉलिडे?' शीर्षक से क्रिकेट थीम पर आधारित अभियान शुरू किया है। ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट क्रिकेट कप्तान पैट कमिंस के जरिए इसका प्रचार कराया जा रहा है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के साथ इस कैंपेन का उद्देश्य भारत में क्रिकेट की लोकप्रियता का लाभ उठाकर ऑस्ट्रेलिया की यात्रा को बढ़ावा देना है।
 



Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in