एस सोमसेगर / Seattle Orcas
सिएटल ऑर्कास टीम ने अपने संस्थापक सह-मालिक एस. सोमसेगर के निधन पर गहरा दुख जताया है। उनके नेतृत्व और समर्थन ने टीम के साथ-साथ प्रशांत उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में क्रिकेट को बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। सोमसेगर का 19 मई को 59 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की पुष्टि सिएटल की वेंचर कैपिटल कंपनी मद्रोना वेंचर ग्रुप ने की थी।
सोमा नाम से मशहूर सोमसेगर ने अमेरिका में क्रिकेट को बढ़ावा देने में अहम योगदान दिया। उन्होंने सिएटल ऑर्कास के साथ काम करते हुए वॉशिंगटन राज्य में क्रिकेट के लिए बेहतर ढांचा तैयार करने में काफी मेहनत की।
संगठन के मुताबिक उन्होंने किंग काउंटी में विश्वस्तरीय क्रिकेट कम्युनिटी पार्क बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण काम किया। क्रिकेट के अलावा, तकनीक और कारोबार की दुनिया में भी सोमसेगर को काफी सम्मान मिला हुआ था। माइक्रोसॉफ्ट में अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने कई बड़े डेवलपर और इंजीनियरिंग कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में योगदान दिया।
संजय पार्थसारथी ने कहा कि सोमा लगभग चार दशक से मेरे दोस्त थे। माइक्रोसॉफ्ट में इंडिया डेवलपमेंट सेंटर बनाने से लेकर डेवलपर प्लेटफॉर्म तैयार करने तक, और बाद में सिएटल ऑर्कास के सह-मालिक बनने तक, हम साथ रहे।
उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने क्रिकेट में भी वही शांत समर्पण और उदारता दिखाई, जो वह हर काम और हर इंसान के साथ दिखाते थे।
पार्थसारथी ने कहा कि वह और उनकी पत्नी इस खबर से बेहद दुखी हैं और उन्होंने सोमसेगर की पत्नी अकिला, उनकी बेटियों और पूरे परिवार के लिए प्रार्थना की।
सिएटल ऑर्कास से जुड़े कई लोगों ने भी सोमसेगर को एक मार्गदर्शक और प्रेरणादायक नेता बताया। सिएटल ऑर्कास के मुख्य उत्पाद अधिकारी जगन नेमानी ने कहा कि सोमा ने कई लोगों के करियर को दिशा दी, जिनमें मेरा भी शामिल है। वह लोगों पर भरोसा करते थे, अवसर देते थे और उन्हें महत्वपूर्ण काम करने की आजादी देते थे।
उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने कई जिंदगियों पर गहरा असर छोड़ा और मैं उनमें से एक हूं। नेमानी ने कहा कि वह हमेशा उनके विश्वास और उनसे सीखने के अवसर के लिए आभारी रहेंगे। सिएटल ऑर्कास की मार्केटिंग निदेशक जेसिका आइवी ने कहा कि सोमसेगर की समझदारी और शांत नेतृत्व टीम की शुरुआती सफलता में बेहद अहम रहे।
उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी आने वाले वर्षों में उनकी विरासत को सम्मान देने का काम जारी रखेगी। भारतीय-अमेरिकी और क्रिकेट समुदाय के लिए सोमसेगर तकनीकी नेतृत्व, समाजसेवा और खेलों में प्रवासी निवेश का प्रतीक थे। उन्होंने ऐसे समय क्रिकेट का समर्थन किया, जब मेजर लीग क्रिकेट और दक्षिण एशियाई समुदाय की बढ़ती भागीदारी के कारण अमेरिका में इस खेल की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।
सिएटल ऑर्कास ने कहा कि सोमसेगर का प्रभाव टीम और उस क्रिकेट समुदाय में हमेशा महसूस किया जाएगा, जिसे उन्होंने आगे बढ़ाने में मदद की।
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
Comments
Start the conversation
Become a member of New India Abroad to start commenting.
Sign Up Now
Already have an account? Login