ADVERTISEMENTs

भारतीय-अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल के पिता का निधन, भारत में मनाएंगी शोक

कांग्रेस तक पहुंचने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी महिला प्रमिला जयपाल ने बताया कि उनकी भारत यात्रा के दौरान उनका ऑफिस खुला रहेगा

प्रमिला जयपाल वॉशिंगटन के 7वें कांग्रेसनल जिले से सांसद हैं। / Photo Courtesy #Facebook

भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल के पिता का निधन हो गया है। वॉशिंगटन के 7वें कांग्रेसनल जिले से प्रतिनिधि प्रमिला ने एक बयान में अपने पिता एमपी जयपाल के निधन की जानकारी दी। 

प्रमिला ने बताया कि वह इस दुखद घड़ी में अपनी मां और बहन के साथ भारत की यात्रा करेंगी और कुछ दिन वहीं बिताएंगी। प्रमिला ने बयान में लिखा कि मेरे प्यारे पिता एम.पी. जयपाल का कल रात निधन हो गया है। मैं अपनी मां और बहन के साथ शोक मनाने के लिए भारत जा रही हूं। हमारे पिता ने हमें आगे बढ़ाने के लिए बहुत कुछ किया है। आज हम जहां पर हैं, उसमें पिता का बहुत बड़ा योगदान है।

कांग्रेस तक पहुंचने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी महिला प्रमिला जयपाल ने बताया कि उनकी भारत यात्रा के दौरान उनका ऑफिस खुला रहेगा और वॉशिंगटन के निवासियों की सेवा में सहयोग करता रहेगा। आपकी शुभकामनाओं और प्यार के लिए धन्यवाद।

प्रगतिशील नेता और डेमोक्रेटिक पार्टी की सदस्य प्रमिला को सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य सेवा सुधार और आप्रवासी अधिकारों की वकालत के लिए जाना जाता है। वह सस्ते हेल्थकेयर, क्लाइमेट एक्शन और नस्लीय समानता जैसे मुद्दों की मुखरता से पैरोकारी करती रही हैं।

राजनीति में आने से पहले वह नागरिक अधिकार कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय थीं। वह आप्रवासियों के अधिकारों के लिए लड़ने वाले संगठन वनअमेरिका की कार्यकारी निदेशक भी रही हैं। 



Comments

Related