ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

मोदी ने ट्रुथ सोशल पर खोला खाता, ट्रंप के साथ तस्वीर शेयर कर दिया मैसेज

मोदी ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि यहां सभी उत्साही लोगों के साथ संवाद करने और अर्थपूर्ण चर्चाओं में भाग लेने के लिए उत्सुक हूं।

 पहली पोस्ट में मोदी ने ट्रंप के साथ अपनी तस्वीर शेयर की। पहली पोस्ट में मोदी ने ट्रंप के साथ अपनी तस्वीर शेयर की। / Image- Truth Social

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल जॉइन कर लिया है। इसके मालिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हैं। इसी के साथ पीएम मोदी ने अपना डिजिटल प्रभाव और बढ़ाया है।  

मोदी ने प्लेटफॉर्म से जुड़ने के बाद पहला मैसेज लिखा कि ट्रुथ सोशल पर आकर खुशी हो रही है। यहां सभी उत्साही लोगों के साथ संवाद करने और अर्थपूर्ण चर्चाओं में भाग लेने के लिए उत्सुक हूं। पोस्ट के साथ उन्होंने हाउडी मोदी इवेंट की एक फोटो भी साझा की जिसमें वह और ट्रंप हाथ पकड़कर खड़े हैं।  

ये भी देखें - पीएम मोदी की लेक्स फ्रिडमैन संग रोमांचक बातचीत, आज देखें पूरा इंटरव्यू

इससे पहले, ट्रंप ने अमेरिकी पॉडकास्टर और कंप्यूटर साइंटिस्ट लेक्स फ्रीडमैन के साथ मोदी के इंटरव्यू का वीडियो लिंक शेयर किया था। जवाब में मोदी ने ट्रंप को धन्यवाद देते हुए लिखा था कि धन्यवाद मेरे मित्र राष्ट्रपति ट्रंप। इस बातचीत में मैंने अपने जीवन, भारत की सभ्यता, वैश्विक मुद्दों और कई अन्य विषयों पर चर्चा की है।

तीन घंटे लंबे इस पॉडकास्ट में मोदी ने विभिन्न विषयों पर खुलकर बात की है। ट्रंप के साथ अपने गहरे संबंधों पर भी जोर दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं की प्राथमिकता अपने-अपने देश की सेवा करना है। 

मोदी ने कहा कि उनका जीवन उनके राष्ट्र के लिए समर्पित रहा है। जैसे मैं भारत फर्स्ट पर विश्वास करता हूं, उसी तरह  ट्रंप के विचारों में हमेशा अमेरिका फर्स्ट की भावना दिखती है। यही वजह है कि हमारी आपसी समझ और संबंध इतने मजबूत हैं। 

मोदी ने 2019 में ह्यूस्टन में हाउडी मोदी कार्यक्रम को याद किया जब ट्रंप ने सुरक्षा नियमों को दरकिनार करते हुए मोदी के साथ मंच साझा किया था। मोदी ने कहा कि उनके इस साहस और भरोसे ने मेरे दिल को छू लिया था। 

बता दें कि ट्रुथ सोशल को 2022 में डोनाल्ड ट्रंप ने लॉन्च किया था। यह प्लेटफॉर्म उनके लिए तब बनाया गया था, जब 2021 में अमेरिकी कैपिटल अटैक के बाद उन्हें प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफार्मों से हटा दिया गया था।  

जुलाई 2024 में नरेंद्र मोदी एक्स पर सबसे अधिक फॉलो किए जाने वाले वैश्विक नेता बने थे। उनके फॉलोअर्स की संख्या 10 करोड़ पार कर गई थी। 17 मार्च 2025 तक यह संख्या 10.58 करोड़ पहुंच चुकी है।

Comments

Related