ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

भारत की पेरिस ओलंपियन स्टार अर्चना ने अमेरिका में पढ़ाई के लिए खेल को कहा अलविदा

24 वर्षीय अर्चना ने भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम का हिस्सा बनकर पेरिस ओलंपिक में भाग लिया था। वह क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं।

 अर्चना ने नासा में काम करने वाले अपने भाई से प्रभावित होकर विदेश में पढ़ाई का फैसला किया है। अर्चना ने नासा में काम करने वाले अपने भाई से प्रभावित होकर विदेश में पढ़ाई का फैसला किया है। / image: worldtabletennis.com

पेरिस 2024 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली भारत की टेबल टेनिस स्टार अर्चना कामथ ने खेल छोड़ने का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अर्चना ने यह बड़ा फैसला अमेरिका में पढ़ाई करने के लिए लिया है। 

24 वर्षीय अर्चना ने भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम का हिस्सा बनकर पेरिस ओलंपिक में भाग लिया था। वह क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं। यह पहला मौका था जब भारतीय टेबल टेनिस टीम ओलंपिक के राउंड ऑफ 16 चरण से आगे बढ़ने में कामयाब रही थी।

दुनिया की 122वें नंबर की खिलाड़ी अर्चना कामथ ने भारत के लिए अंतिम आठ में दुनिया की 38वें नंबर की खिलाड़ी शान शियाओना पर जीत दर्ज की थी। हालांकि  जर्मनी से 1-3 की करारी हार के बाद भारत का अभियान खत्म हो गया था। 

ओलंपिक डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, अर्चना ने साल 2018 में अपना पहला राष्ट्रीय खिताब जीता था। ब्यूनस आयर्स में हुए 2018 के युवा ओलंपिक में वह चौथे स्थान पर रही थीं। उन्होंने मनिका बत्रा के साथ WTT कंटेंडर लागोस 2021 में महिला युगल का खिताब अपने नाम किया था। 

रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि 2024 के WTT कंटेंडर लागोस में उन्होंने श्रीजा अकुला के साथ मिलकर महिला युगल स्पर्धा जीती थी।  2022 में अर्चना कामथ मनिका बत्रा के साथ महिला युगल रैंकिंग में विश्व में नंबर 4 तक पहुंच गई थीं। 

अर्चना के कोच अंशुल गर्ग ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि वह फिलहाल दुनिया के टॉप 100 में नहीं हैं लेकिन पिछले कुछ महीनों में उन्होंने अपने खेल में बहुत सुधार किया है। हालांकि मुझे लगता है कि उन्होंने खेल छोड़ने का मन पहले ही बना लिया था। एक बार जब वह अपना मन बना लेती हैं तो उसे बदलना मुश्किल होता है।

ओलंपिक डॉट कॉम के अनुसार, अर्चना ने हाल ही में इंटरनेशनल रिलेशंस, स्ट्रैटजीज एंड सिक्योरिटीज में मास्टर डिग्री पूरी की है। अब वह अपने भाई से प्रभावित होकर विदेश में उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए जाने वाली हैं। अर्चना के भाई अमेरिका में नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) में काम करते हैं।
 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?