ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

विदेश में नौकरी और भी आसान, भारत सरकार ने नया eMigrate पोर्टल-ऐप लॉन्च किया

ई-माइग्रेट पोर्टल भारत सरकार द्वारा विदेशों में रोजगार की तलाश करने वाले भारतीय कामगारों के प्रवास को सुविधाजनक और आसान बनाने का ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है।

भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने पोर्टल और ऐप को लॉन्च किया। / X @DrSJaishankar

भारत सरकार ने नया ई-माइग्रेट पोर्टल और मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। इसका उद्देश्य भारतीय नागरिकों को सुरक्षित कानूनी विदेश यात्रा की आसान सुविधा प्रदान करना है। 

ई-माइग्रेट पोर्टल भारत सरकार द्वारा विदेशों में रोजगार की तलाश करने वाले भारतीय कामगारों के प्रवास को सुविधाजनक और आसान बनाने का ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है। इसका उद्देश्य विभिन्न सेवाओं के जरिए प्रवासी श्रमिकों को सुरक्षित एवं पारदर्शी मंच मुहैया कराना है।

भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने इस पोर्टल और ऐप को लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि eMigrate वर्जन 2.0 भारतीय कामगारों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी सिस्टम बनाने के प्रयासों का प्रमाण है और नागरिकों के कल्याण एवं हितों की सुरक्षा के प्रयासों में मील का पत्थर है।

डॉ. जयशंकर ने कहा कि हम भारत की अर्थव्यवस्था और वैश्विक प्रतिष्ठा में अपने प्रवासी कामगारों के अमूल्य योगदान को पहचानते हैं। यह नया पोर्टल भारतीय युवाओं को ग्लोबल वर्कप्लेस के लिए तैयार करने में एक और आयाम जोड़ेगा। यह पोर्टल विदेशी धरती पर भारतीय कामगारों के अधिकारों और गरिमा की हिफाजत करेगा।

उन्होंने आगे कहा कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि नए ई-माइग्रेट पोर्टल में चौबीस घंटे का बहुभाषी हेल्पलाइन नंबर भी हैं जो सुविधाओं के अलावा ऐसे मामलों में तुरंत समाधान प्रदान करेगा जिनके तत्काल समाधान की जरूरत है।



इस पोर्टल को डिजिलॉकर के साथ एकीकृत किया गया है। इससे प्रवासी मंजूरी के लिए पेपरलेस मोड में डिजिलॉकर के जरिए विभिन्न दस्तावेज जमा कर सकेंगे। साथ ही पासपोर्ट और रोजगार कॉन्ट्रैक्ट आदि महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित तरीके से संभालकर रख सकेंगे। 

नया संशोधित eMigrate पोर्टल भारतीय नागरिकों को सुरक्षित एवं कानूनी विदेश यात्रा की सुविधा प्रदान करने के लिए कई सुविधाएं प्रदान करता है।

24/7 बहुभाषी हेल्पलाइन: यह विदेश में भारतीय कामगारों की मदद के लिए चौबीस घंटे सुविधा सहायता प्रदान करेगा। 
DigiLocker इंटीग्रेशन: महत्वपूर्ण दस्तावेजों को पेपरलेस तरीके से सुरक्षित संभालकर रखने में मदद करता है।
वन-स्टॉप मार्केटप्लेस: विदेश में रोजगार के अवसरों की तलाश करने वालों को उपयुक्त नौकरी खोजने में मदद का मंच प्रदान करेगा।
बहुभाषी सपोर्ट: विभिन्न भाषाओं में भारतीय कामगारों को सहायता उपलब्ध कराएगा।
कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) से साझेदारी: ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय भाषाओं में इमिग्रेशन सर्विस की सुविधा का विस्तार करेगा।
सामाजिक सुरक्षा: इंश्योरेंस पॉलिसी और डिजिटल पेमेंट सेवाएं बिना किसी ट्रांजेक्शन फीस के प्रदान करेगा। 
शिकायतों का निवारण: प्रवासियों को समस्याओं की रिपोर्ट करने के लिए एक मंच प्रदान करता है।
फीडबैक मैकेनिज्म: यूजर्स को समस्याओं की रिपोर्ट करने और उनके समाधान का विकल्प भी प्रदान करता है।

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in