जयवीर शेरगिल / IANS
ईरान ने धीरे-धीरे अपना एयरस्पेस खोलकर विमानों का संचालन शुरू कर दिया है। तनाव की वजह से ईरान में फंसे लोगों को वतन वापस लाया जा रहा है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने विदेश मंत्रालय और विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से वहां फंसे कुछ ईरानी सिख दंपतियों की मदद करने की अपील की है।
भाजपा प्रवक्ता के अनुसार, कुछ बुजुर्ग ईरानी सिख दंपत्ति तेहरान में गुरुद्वारा साहिब में फंसे हुए हैं। जब तक उन्हें भारत सरकार से अनुमति नहीं मिल जाती, उन्हें एयरलाइन भारत नहीं लेकर आ सकती। इस वजह से भाजपा प्रवक्ता ने विदेश मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। ईरान से भारत के लिए महान एयरवेज की फ्लाइट 5 मई को उड़ान भरेगी।
भाजपा प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए अपील करते हुए कहा, "विदेश मंत्रालय से अपील है कि ईरान के तेहरान में गुरुद्वारा साहिब में फंसे कुछ बुजुर्ग ईरानी सिख जोड़ों की मदद करें। महान एयरवेज का एक एयरक्राफ्ट 5 मई को तेहरान से भारत के लिए ऑपरेट होने वाला है, लेकिन एयरलाइन भारत सरकार की अनुमति के बिना उन्हें अपने साथ ले जाने से मना कर रही है। डॉ. एस. जयशंकर जी से अपील है कि कृपया हस्तक्षेप करें और सिख परिवारों की मदद करें।"
बता दें ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने डॉ. एस जयशंकर से फोन पर बात की। दोनों नेताओं ने वर्तमान स्थिति पर बातचीत की और संपर्क में बने रहने की प्रतिबद्धता जताई।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, "आज शाम ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची का फोन आया। मौजूदा हालात के अलग-अलग पहलुओं पर डिटेल में बातचीत हुई। हम एक-दूसरे के करीब रहने पर राजी हुए।"
ईरानी दूतावास ने एक्स पर पोस्ट किया, "ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची और भारत के विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर के बीच फोन पर बातचीत के दौरान, दोनों पक्षों ने सीजफायर, द्विपक्षीय संबंध, साथ ही क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े हालिया विकास पर चर्चा की और विचारों का आदान प्रदान किया।"
पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच अराघची ने मंगलवार को पाकिस्तान, ओमान और रूस के अपने तीन देशों के दौरे को खत्म किया। इस दौरान ईरानी विदेश मंत्री ने सोमवार को सेंट पीटर्सबर्ग में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। रूस ने पश्चिम एशिया में शांति लाने के लिए अपना समर्थन दोहराया।
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
Comments
Start the conversation
Become a member of New India Abroad to start commenting.
Sign Up Now
Already have an account? Login