ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

कनाडा में भारतीय छात्र की गोली मारकर हत्या, परिवार ने मांगी ऑनलाइन मदद

हरियाणा के रहने वाले चिराग अंतिल की 12 अप्रैल को साउथ वैंकूवर में ईस्ट 55 एवेन्यू और मेन स्ट्रीट के चौराहे के पास उस समय हत्या कर दी गई थी, जब वह कार में बैठा हुआ था।

24 वर्षीय चिराग अंतिल हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला था। / Image - GoFundMe

कनाडा में 24 वर्षीय भारतीय छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हरियाणा के रहने वाले चिराग अंतिल के परिजनों ने उसके शव को वापस भारत लाने में आर्थिक सहयोग के लिए गो फंड मी पर अभियान शुरू किया है। 

चिराग की 12 अप्रैल को साउथ वैंकूवर में ईस्ट 55 एवेन्यू और मेन स्ट्रीट के चौराहे के पास उस समय हत्या कर दी गई थी, जब वह कार में बैठा हुआ था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वैंकूवर पुलिस विभाग (वीपीडी) को रात करीब 11 बजे लोगों ने गोलियों की आवाज सुनाई देने की जानकारी दी। 

GoFundMe पेज पर दिए गए विवरण के अनुसार, 2022 में हरियाणा से वैंकूवर गए चिराग ने हाल ही में कनाडा वेस्ट यूनिवर्सिटी में एमबीए पूरी करके वर्क परमिट हासिल किया था। चिराग के भाई अनुराग दहिया ने पेज पर कहा कि हमें उसके शव को भारत वापस लाने के लिए पैसों की तत्काल आवश्यकता है। जो मददगार वैंकूवर में हैं और कोई सहायता कर सकते हैं तो कृपया संपर्क करें।

हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले चिराग के भाई रोमित अंतिल ने कहा कि वह एक सौम्य इंसान था। हमारी जानकारी में उसका कोई विरोधी नहीं था। उन्होंने पुलिस पर घटना की जानकारी न देने का भी आरोप लगाया।

परिवार ने पुलिस की जांच में पारदर्शिता की कमी का भी आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि घटना को लेकर कोई फुटेज न मिलने से हम परेशान हैं। हम न्याय चाहते हैं। हम कनाडा सरकार से अपील करते हैं कि चिराग के शव को भारत वापस भेजने की प्रक्रिया में तेजी लाएं और हमारी मदद करें।
 

Comments

Related