ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

अमेरिका में एक और भारतीय की मौत, वॉशिंगटन में हमले के बाद विवेक ने दम तोड़ा

पुलिस की शुरुआत जांच से पता चला कि विवेक तनेजा की एक व्यक्ति से पहले कहासुनी, फिर मारपीट हुई थी। उस व्यक्ति ने विवेक को नीचे गिराकर सिर में घूंसे मारे थे। अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार को विवेक ने दम तोड़ दिया। विवेक डायनेमो टेक्नोलोजीज के सहसंस्थापक और प्रेसिडेंट थे।

 विवेक तनेजा के संदिग्ध हत्यारोपी पर पुलिस ने 25 हजार डॉलर का इनाम घोषित किया है।  विवेक तनेजा के संदिग्ध हत्यारोपी पर पुलिस ने 25 हजार डॉलर का इनाम घोषित किया है। / dynamotechnologies.com

अमेरिका में एक और भारतीय की मौत हो गई है। 41 वर्षीय विवेक तनेजा पर एक हफ्ते पहले वॉशिंगटन के डाउनटाउन में हमला हुआ था। गंभीर रूप से घायल विवेक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। विवेक पर हमले का आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उसके ऊपर पुलिस ने इनाम भी घोषित कर दिया है। 

विवेक तनेजा डायनेमो टेक्नोलोजीज के सहसंस्थापक और प्रेसिडेंट थे और वर्जीनिया के एलेग्जेंड्रिया में रहते थे। पुलिस के अनुसार, 2 फरवरी को वॉशिंगटन की 15वीं स्ट्रीट नॉर्थवेस्ट पर शोटो रेस्टोरेंट के बाहर रात करीब 2 बजे उसे विवेक पर हमले की सूचना मिली थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो विवेक पेवमेंट पर पड़े थे। उन्हें गंभीर चोटें लगी थीं। पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। 

रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस की शुरुआत जांच से पता चला कि विवेक की एक व्यक्ति से पहले कहासुनी, फिर मारपीट हुई थी। उस व्यक्ति ने विवेक को नीचे गिराकर सिर में घूंसे मारे थे। अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार को विवेक ने दम तोड़ दिया। पुलिस अब मामले की हत्या की तरह जांच कर रही है। 

पुलिस विवेक पर जानलेवा घूंसे मारने वाले आरोपी की तलाश कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, सर्विलांस कैमरे में उसकी तस्वीर कैद हुई है। कोलंबिया जिले की पुलिस ने उसका सुराग बताने वाले शख्स को 25 हजार डॉलर का इनाम देने की भी घोषणा की है।  

विवेक तनेजा की मौत ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों को निशाना बनाने की घटनाओं में अचानक बाढ़ आ गई है। इससे पहले 7 फरवरी को शिकागो में भारतीय छात्र सैयद मजहर अली पर जानलेवा हमला किया गया था। सोशल मीडिया पर वायरल घटना के सीसीटीवी फुटेज में तीन हमलावर अली का पीछा करते दिख रहे हैं। 

पिछले हफ्ते ओहायो के सिनसिनाटी में श्रेयस रेड्डी नाम के भारतीय छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। वह लिंडर बिजनेस स्कूल का छात्र था। एक हफ्ते में भारतीय छात्र की मौत का यह तीसरा मामला था। 30 जनवरी को पर्ड्यू यूनिवर्सिटी के छात्र नील आचार्य का शव बरामद हुआ था। 29 जनवरी को एक अन्य छात्र विवेक सैनी की एक बेघर ने हथोड़े से दर्जनों वार करते हत्या कर दी थी। 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?