ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

ट्रम्प पर बड़ा सर्वे: 61% अमेरिकी बोले- 'उम्र के साथ बिगड़ी मानसिकता'

व्हाइट हाउस के प्रवक्ता डेविस इंगल ने इन नतीजों को 'फर्जी और हताश करने वाली कहानियां' करार दिया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प / REUTERS/Kevin Lamarque/File Photo

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की उम्र और उनके बर्ताव को लेकर एक नए सर्वे में चौंकाने वाले नतीजे सामने आए हैं। रॉयटर्स/इप्सोस के अनुसार, 61 प्रतिशत अमेरिकी नागरिकों का मानना है कि 79 वर्षीय राष्ट्रपति ट्रम्प उम्र बढ़ने के साथ 'अनियमित' (Erratic) हो गए हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि यह राय सिर्फ विपक्षी डेमोक्रेट्स की नहीं, बल्कि उनकी अपनी पार्टी रिपब्लिकन के एक बड़े वर्ग की भी है।

रिपब्लिकन भी बोले: उम्र का असर
यह सर्वे उसी दिन पूरा हुआ, जिस दिन ट्रम्प कांग्रेस को अपना वार्षिक 'स्टेट ऑफ द यूनियन' संबोधन देने वाले थे। सर्वे के मुताबिक, कुल 61 प्रतिशत लोगों ने ट्रम्प को 'उम्र के साथ अनियमित' बताया। इनमें 89 प्रतिशत डेमोक्रेट, 64 प्रतिशत निर्दलीय और सबसे अहम 30 प्रतिशत रिपब्लिकन शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- युद्ध नायकों से लेकर पीड़ितों तक: ट्रम्प के 'स्टेट ऑफ द यूनियन' संबोधन में पहुंचे खास मेहमान

व्हाइट हाउस का पलटवार
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता डेविस इंगल ने इन नतीजों को 'फर्जी और हताश करने वाली कहानियां' करार दिया। उन्होंने कहा, "ट्रम्प की तीक्ष्णता, बेजोड़ ऊर्जा और ऐतिहासिक पहुंच उन्हें अपने पूर्ववर्ती जो बाइडेन से अलग बनाती है।"

अमेरिका में बुजुर्ग नेतृत्व को लेकर चिंता
सर्वे में यह भी पाया गया कि 79 प्रतिशत अमेरिकी मानते हैं कि वाशिंगटन में चुने गए अधिकारी "आम अमेरिकियों का प्रतिनिधित्व करने के लिए बहुत बूढ़े हैं।" अमेरिकी सीनेट में औसत उम्र 64 साल है, जबकि प्रतिनिधि सभा में यह 58 साल है। 75 वर्षीय सीनेट के शीर्ष डेमोक्रेट चक शूमर को भी 58 प्रतिशत डेमोक्रेट्स ने सरकार में काम करने के लिए 'बहुत बूढ़ा' बताया।

ट्रम्प बनाम बाइडेन: उम्र का चुनावी मुद्दा
गौरतलब है कि ट्रम्प ने जनवरी 2025 में 78 साल की उम्र में राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी, जो उद्घाटन के दिन किसी राष्ट्रपति की सबसे अधिक उम्र है। वह जून में 80 साल के हो जाएंगे।
दिलचस्प बात यह है कि ट्रम्प ने 2024 का चुनाव आंशिक रूप से इसलिए जीता क्योंकि डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडेन (जिन्होंने 82 साल की उम्र में पद छोड़ा) को मानसिक रूप से कमजोर माना जा रहा था। अब ट्रम्प खुद इसी तरह की आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं।

'मानसिक रूप से तेज' वाली रेटिंग में गिरावट
फरवरी के सर्वे में केवल 45 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने ट्रम्प को 'मानसिक रूप से तेज और चुनौतियों से निपटने में सक्षम' बताया, जो सितंबर 2023 में आए 54 प्रतिशत से कम है। रिपब्लिकन में 81 प्रतिशत ने अब भी उन्हें तेज बताया (2023 से लगभग बराबर)। डेमोक्रेट्स में यह आंकड़ा 29 प्रतिशत से गिरकर 19 प्रतिशत पर आ गया। वहीं, निर्दलीयों में: 53 प्रतिशत से गिरकर 36 प्रतिशत रह गया।

यह सर्वे 4,638 अमेरिकी वयस्कों पर ऑनलाइन किया गया, जिसमें दो प्रतिशत की संभावित त्रुटि है।

न्यू इंडिया अब्रॉड की अन्य खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें।

 

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in