ADVERTISEMENTs

फ्रांस की ये नामी रिटेल कंपनी एक दशक बाद अब फिर से भारत में करेगी एंट्री

कैरेफोर इससे पहले भी भारत में अपने स्टोर चला चुकी है। हालांकि चार साल तक काम करने के बाद कंपनी ने 2014 में भारत से वापसी कर ली थी।

कैरेफोर कंपनी दुबई के अपैरल ग्रुप के साथ साझेदारी में भारत में री-एंट्री करेगी।  / X @CarrefourGroup

फ्रांस की नामी फूड रिटेल कंपनी कैरेफोर (Carrefour) एक बार फिर से भारत में अपना कारोबार जमाने जा रही है। कंपनी ने ऐलान किया है कि वह दुबई के अपैरल ग्रुप के साथ साझेदारी में भारत में री-एंट्री करेगी। 

कैरेफोर इससे पहले भी भारत में अपने स्टोर चला चुकी है। हालांकि चार साल तक काम करने के बाद कंपनी ने 2014 में भारत से वापसी कर ली थी। उस वक्त कंपनी के भारत में पांच होलसेल स्टोर थे, जो उसने बंद कर दिए थे। 

अब कैरेफोर ने अगले साल जून से भारत में अपना संचालन शुरू करने की घोषणा की है। वह दुबई की कंपनी अपैरल ग्रुप के साथ मिलकर काम करेगी। कैरेफोर ने एक बयान में कहा कि 140 करोड़ लोगों का देश भारत रणनीतिक रूप से एक महत्वपूर्ण बाजार है, जहां पर आर्थिक वृद्धि, शहरीकरण और लोगों की खर्च करने की बढ़ती ताकत उसे और भी अहम बना देती हैं। 

कैरेफोर के इंटरनेशनल पार्टनरशिप मामलों के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर पैट्रिक लासफार्गस ने कहा कि भारत में फिर से एंट्री का फैसला कंपनी के विस्तार की रणनीति का एक अहम कदम है। कंपनी 2026 तक 10 नए देशों में अपना विस्तार करना चाहती है। भारत भी इनमें से एक है। बता दें कि कैरेफोर के इस वक्त 40 से ज्यादा देशों में 14 हजार से अधिक स्टोर हैं।

कैरेफोर दुबई के जिस अपैरल ग्रुप के साथ साझेदारी में भारत में जाने की तैयारी कर रही है, उसके बारे में बताएं तो वह फैशन और लाइफस्टाइल सेक्टर की एक नामी कंपनी है। अपैरल ग्रुप की भारत में पहले से मौजूदगी है। भारत में उसके 24 हजार से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं। 

Comments

Related