ADVERTISEMENT

अरबपतियों की राजधानी बनी मुंबई, बीजिंग से छीना खिताब

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 115 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में अपनी पोजीशन पर कायम हैं। उनकी संपत्ति में 40 फीसदी की वृद्धि हुई है।

हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2024 के अनुसार, दुनिया भर में 167 नए अरबपति बने हैं। / X @HurunReportInd

तेजी से बदलते भारत में अरबपतियों की संख्या भी तेजी से बढ़ती जा रही है। अरबपतियों की राजधानी का खिताब भारत ने चीन से छीन लिया है। हुरुन की ताजा ग्लोबल रिच लिस्ट के मुताबिक, एशिया में सबसे ज्यादा अरबपति अब बीजिंग में नहीं बल्कि मुंबई में रहते हैं। 2024 की इस लिस्ट से कई और चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। 



2024 की हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट के मुताबिक, भारतीय टाइकून मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की दौलत में उल्लेखनीय इजाफा हुआ है। खास बात ये है कि पहली बार भारत एशिया में नंबर 1 और विश्व नंबर 3 स्थान पर पहुंच गया है। 

हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2024 के अनुसार, दुनिया भर में 167 नए अरबपति बने हैं। इन्हें मिलाकर दुनिया में अरबपतियों की वैश्विक संख्या अब 3,279 हो गई है। इनमें से आधे अरबपतियों की दौलत में इजाफे की वजह कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) में प्रगति को माना जा रहा है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 115 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में अपनी पोजीशन पर कायम हैं। उनकी संपत्ति में 40 फीसदी की वृद्धि हुई है। वह भारत के सबसे धनी इंसान और दुनिया के 10वें नंबर के सबसे रईस व्यक्ति हैं। 

अडानी समूह के संस्थापक गौतम अडानी ने संपत्ति में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी गई है। उनकी संपत्ति 86 अरब डॉलर तक पहुंच गई है। वह विश्व में 15वें सबसे अमीर इंसान हैं। हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद उनकी कंपनियों के शेयरों में तेजी की वजह से उनकी दौलत में खासा इजाफा हुआ है।

हुरुन लिस्ट के मुताबिक, चीन में अरबपतियों की संख्या में 155 की गिरावट आई है, इसके बावजूद 814 अरबपतियों के साथ नंबर वन पर है। संयुक्त राज्य अमेरिका 800 अरबपतियों के साथ दुनिया में नंबर 2 है। भारत 271 अरबपतियों के साथ तीसरे स्थान पर है। भारत में 84 नए अरबपति बने हैं। इस तरह बीजिंग को पीछे छोड़कर मुंबई एशिया की अरबपति राजधानी बन गया है। 

टेस्ला के शेयरों में उछाल की वजह से एलन मस्क की दौलत 231 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। उन्होंने दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में अपना खिताब फिर से हासिल कर लिया है। अमेजन के जेफ बेजोस दूसरे स्थान पर और बर्नार्ड अरनॉल्ट तीसरे स्थान पर हैं।

 

Comments

ADVERTISEMENT

 

 

 

 

 

 

E Paper

 

ADVERTISEMENT

Related