ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

अमेरिकी एयर फोर्स अकादमी में पहली बार केशधारी सिख कैडेट, भारतीय मूल के चिराग सराओ ने रचा इतिहास

काउंसिल ने सराओ को एक उत्कृष्ट छात्र बताया जिनकी उपलब्धियां शिक्षा, खेल और नेतृत्व तीनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय रही हैं।

 चिराग सराओ  चिराग सराओ / americansikhcouncil.org

चिराग वीर सिंह सराओ अमेरिकी एयर फोर्स अकादमी में प्रवेश पाने वाले पहले केशधारी सिख अमेरिकी बन गए हैं। यह जानकारी अमेरिकन सिख काउंसिल ने दी है। काउंसिल के अनुसार सराओ की नियुक्ति 4 अप्रैल को हुई थी।

इसके बाद 20 जून को उन्हें धार्मिक छूट दी गई जिससे वे अपने सिख धार्मिक स्वरूप जैसे बिना कटे बाल (केश) सहित अन्य धार्मिक प्रतीकों को बनाए रखते हुए अमेरिकी वायुसेना में सेवा दे सकेंगे। उन्होंने 24 जून को आधिकारिक रूप से अकादमी में प्रवेश लिया। इस दिन इन-प्रोसेसिंग डे (I-Day) कहा जाता है।

वर्तमान में वे छह सप्ताह के बेसिक कैडेट ट्रेनिंग कार्यक्रम को पूरा कर रहे हैं। काउंसिल ने बताया कि सराओ को एयर फोर्स रिजर्व ऑफिसर ट्रेनिंग कॉर्प्स और नेवल रिजर्व ऑफिसर ट्रेनिंग कॉर्प्स दोनों कार्यक्रमों के तहत पूर्ण छात्रवृत्ति भी मिली थी।

इसके अलावा उन्हें यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया और यूनिवर्सिटी ऑफ वॉशिंगटन में भी प्रवेश मिल गया था। हालांकि उन्होंने अंततः यूएस एयर फोर्स अकादमी को चुना।

काउंसिल के अनुसार हाई स्कूल के दौरान सराओ का मार्गदर्शन संगठन के प्रतिनिधि और यू.एस. एयर फोर्स अकादमी के मानद भर्ती अधिकारी कवनीत सिंह ने किया। काउंसिल ने बताया कि कवनीत सिंह ने अकादमी में आवेदन प्रक्रिया के दौरान सराओ का मार्गदर्शन किया और उन्हें सैन्य करियर चुनने के लिए प्रेरित किया।

काउंसिल ने सराओ को एक उत्कृष्ट छात्र बताया जिनकी उपलब्धियां शिक्षा, खेल और नेतृत्व तीनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय रही हैं। उन्होंने प्रतियोगी SAT परीक्षा में उच्च अंक प्राप्त किए। वे ईगल स्काउट का प्रतिष्ठित दर्जा हासिल कर चुके हैं और ताइक्वांडो में सेकंड-डिग्री ब्लैक बेल्ट भी हैं।

इसके अलावा वे अपने स्कूल की वर्सिटी वॉटर पोलो टीम का भी हिस्सा रहे। पढ़ाई के अलावा सराओ ने साइक्लिंग, स्कीइंग, हाइकिंग, बैकपैकिंग और फ्लाई-फिशिंग जैसी गतिविधियों में भी सक्रिय भाग लिया।

काउंसिल के अनुसार वे अपने स्थानीय गुरुद्वारे में स्वयंसेवा भी करते थे, जहां वे छोटे बच्चों को सिख धर्म (सिखी) की शिक्षा देते थे। काउंसिल ने बताया कि सराओ ने लगातार दो वर्षों तक अपने वेंचर क्रू  के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। इस दौरान उन्होंने हाइकिंग, राफ्टिंग और स्नोशूइंग जैसे आउटडोर अभियानों का नेतृत्व किया।

काउंसिल का कहना है कि इन अनुभवों ने सैन्य सेवा में प्रवेश से पहले उनके नेतृत्व कौशल को और मजबूत बनाया। 

आपको बताएं कि कोलोराडो स्प्रिंग्स स्थित यूनाइटेड स्टेट्स एयर फोर्स अकादमी अमेरिका की पांच संघीय सैन्य अकादमियों में से एक है। यह संस्थान स्नातक शिक्षा के साथ-साथ सैन्य और नेतृत्व प्रशिक्षण प्रदान करता है। यहां से स्नातक होने वाले कैडेटों को अमेरिकी वायुसेना या यूएस स्पेस फोर्स में अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाता है।

काउंसिल ने बताया कि संगठन कई वर्षों से अमेरिकी वायुसेना के साथ मिलकर ऐसे कार्यक्रम चला रहा है, जिनका उद्देश्य सिख अमेरिकी समुदाय में सैन्य करियर के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इन्हीं पहलों में से एक फ्लाइिंग स्कॉलरशिप प्रोग्राम है जिसे 2022 में अमेरिकी वायुसेना के सहयोग से शुरू किया गया था।

काउंसिल के अनुसार यह तीन सप्ताह का समर प्रोग्राम है, जिसमें हाई स्कूल के छात्रों को नेतृत्व प्रशिक्षण और 15 घंटे की फ्लाइट ट्रेनिंग दी जाती है। प्रत्येक छात्रवृत्ति की कीमत लगभग 12,500 अमेरिकी डॉलर है। हर वर्ष करीब 3,500 आवेदकों में से 72 छात्रों का चयन किया जाता है, जिनमें से एक या दो सिख अमेरिकी छात्रों को भी यह छात्रवृत्ति मिलती है।

काउंसिल ने कहा कि सराओ का चयन उन वर्षों की लगातार कोशिशों का परिणाम है, जिनके तहत सैन्य संस्थानों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित किया गया कि सिख अमेरिकी अपने धार्मिक विश्वासों और परंपराओं को बनाए रखते हुए भी सैन्य सेवा में शामिल हो सकें।

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?