ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

कांग्रेस में ‘नए नेतृत्व’ की मांग क्यों उठा रहीं राखी इसरानी सिंह?

डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार इसरानी का कहना है कि जब सांसद कई दशकों तक अपनी सीट पर बने रहते हैं, तो उनमें ढीलापन और आत्मसंतोष आ जाता है।

 राखी इसरानी सिंह राखी इसरानी सिंह / Handout

कैलिफोर्निया के 14वें कांग्रेसनल जिले से चुनाव लड़ रहीं राखी इसरानी सिंह ने कहा है कि देश की राजधानी में प्रभावी शासन और वास्तविक बदलाव लाने के लिए नए नेतृत्व की जरूरत है। डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार इसरानी का कहना है कि जब सांसद कई दशकों तक अपनी सीट पर बने रहते हैं, तो उनमें ढीलापन और आत्मसंतोष आ जाता है।

उन्होंने कहा कि जब लोग कई दशकों तक कांग्रेस में रहते हैं तो नीति निर्माण और समस्याओं को हल करने में एक तरह की सुस्ती आ जाती है। यह जमीन पर रहने वाले लोगों के लिए नुकसानदायक है। 

मालूम हो कि राजनीति में आने से पहले इसरानी एक गैर-लाभकारी संस्था की वकील और शिक्षिका रही हैं। वह कई वर्षों से सामुदायिक विकास और लोगों को जोड़ने के काम में भी सक्रिय रही हैं।

52 वर्षीय इसरानी ने कहा कि गलत व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने में हिचकिचाहट भी एक बड़ी समस्या है। इससे सबसे ज्यादा नुकसान आम लोगों और उनके परिवारों को होता है। उन्होंने कहा कि हमने इसे हर स्तर पर देखा है। इसका असर आखिरकार जिले के लोगों और उन परिवारों पर पड़ता है, जो अपनी जिंदगी, बेहतर जीवन और अपने बच्चों के भविष्य पर ध्यान देना चाहते हैं।

इसरानी ने कहा कि सांसदों के लिए कार्यकाल सीमा तय करना जरूरी है, ताकि नए नेताओं के लिए रास्ता खुले। उन्होंने कहा कि सांसदों की सेवानिवृत्ति की उम्र 75 वर्ष होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नए विचारों को लाना, किसी समस्या को अलग नजर से देखना और सभी पक्षों से बातचीत करना बहुत जरूरी है। जो लोग हमारा प्रतिनिधित्व करते हैं, उनमें समस्याएं हल करने की इच्छा लगातार बनी रहनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ऐसा तरीका जमीनी स्तर पर बदलाव लाने और लोगों की समस्याएं सुलझाने में मदद करेगा। पहली बार चुनाव लड़ रहीं इसरानी ने कहा कि वह राजधानी में शालीनता वापस लाने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि मतदाता अब लंबे समय से राजनीति में बने रहने वाले नेताओं से थक चुके हैं और जवाबदेही चाहते हैं। इसरानी ने यह भी कहा कि कांग्रेस के सदस्यों और उनके परिवारों के शेयर बाजार में व्यापार करने पर रोक लगनी चाहिए। उनका मानना है कि सांसदों को अपने पद का इस्तेमाल निजी लाभ कमाने के लिए नहीं करना चाहिए। अगर हमें सच में समस्याओं का समाधान करना है, तो व्यवस्था से यह ढीलापन और निजी लाभ की सोच हटानी होगी।

दो दशकों से अधिक समय से ईस्ट बे की निवासी इसरानी ने कहा कि प्रभावी नेतृत्व का उनका तरीका पहले सुनना, फिर साझा रास्ता ढूंढना और उसके बाद परिणाम देना होगा। सबसे जरूरी बात सबसे ज्यादा शोर मचाना नहीं, बल्कि सबसे प्रभावी होना है।

आपको बताएं कि पूर्व सांसद एरिक स्वालवेल की जगह होने वाले विशेष चुनाव 18 अगस्त को होंगे। डेमोक्रेटिक प्राइमरी 16 जून को तय है। स्थायी सीट के लिए प्राथमिक चुनाव 2 जून को आयोजित किया जाएगा।
 

Comments

Related