ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

आखिरकार रजनीकांत की तलाश पुलिस ने की बंद, मौत की नहीं बताई कोई वजह

रजनीकांत की मां सदमे में हैं और अभी इस घटना की वजह बताने की स्थिति में नहीं हैं।

गौतम रजनीकांत / Courtesy: Instagram/@southfayettepa

पिट्सबर्ग के साउथ फेयेट टाउनशिप पुलिस विभाग ने 17 वर्षीय भारतीय मूल के छात्र की तलाश बंद कर दी है। 15 मार्च को लापता हुआ 11वीं कक्षा का विद्यार्थी गौतम रजनीकांत आखिरी बार टी-शर्ट, हल्के रंग की पैंट और ग्रे बैकपैक के साथ देखा गया था। 

रजनीकांत के लापता होने की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने सार्वजनिक अलर्ट जारी किया था और लोगों से किसी भी जानकारी के लिए 911 पर संपर्क करने को कहा था।

साउथ फेयेट टाउनशिप पुलिस विभाग ने 15 मार्च से लेकर 16 मार्च तक खोज अभियान चलाया। 16 मार्च की देर शाम पुलिस ने घोषणा की कि यह अभियान समाप्त कर दिया गया है। एक संक्षिप्त बयान में अधिकारियों ने समुदाय का सहयोग के लिए धन्यवाद किया लेकिन यह नहीं बताया कि उसे कहां या किन परिस्थितियों में पाया गया।

बाद में स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि गौतम का निधन हो गया है। कुछ NRI से जुड़े प्लेटफॉर्म ने बताया कि उन्होंने छात्र की मां से बात की जो सदमे में हैं और अभी इस घटना के कारण के बारे में जानकारी देने की स्थिति में नहीं हैं।

एक अलग शोक संदेश में गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा गया है कि गहरे दुख के साथ यह बताना पड़ रहा है कि रविवार को लापता हुआ पिट्सबर्ग क्षेत्र का 11वीं कक्षा का छात्र गौतम अब हमारे बीच नहीं रहा।

इस घटना से परिवार, मित्रों, सहपाठियों और पड़ोसियों को गहरा सदमा लगा है। समुदाय के लोगों ने इसे बहुत बड़ी क्षति बताया है और सोशल मीडिया पर प्रार्थनाओं और संवेदनाओं का सिलसिला जारी है। 18 मार्च तक अधिकारियों की ओर से उसकी मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि जारी नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है और फिलहाल अधिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

Comments

Related