ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

मलेशिया में भारत के नए उच्चायुक्त नियुक्त, सोमनाथ घोष संभालेंगे जिम्मेदारी

शिकागो से पहले वो तजाकिस्तान (2016-19) और मंगोलिया (2014-16) में भारत के राजदूत रह चुके हैं।

 सोमनाथ घोष सोमनाथ घोष / X/@IndiainChicago

भारत सरकार ने वरिष्ठ भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी सोमनाथ घोष को मलेशिया में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया है। वे वर्तमान में अमेरिका के शिकागो स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में महावाणिज्य दूत के रूप में कार्यरत हैं।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। घोष 1997 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं और विदेश नीति, द्विपक्षीय संबंधों तथा कूटनीतिक प्रशासन के क्षेत्र में उनका लंबा अनुभव रहा है। अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के बाद वे भारत और मलेशिया के बीच रणनीतिक और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने पर काम करेंगे।

शिकागो से पहले वो तजाकिस्तान (2016-19) और मंगोलिया (2014-16) में भारत के राजदूत रह चुके हैं। विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर मुहैया कराई गई जानकारी के अनुसार, घोष रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव (अंतर्राष्ट्रीय सहयोग) और मॉस्को, ब्रुसेल्स और बांग्लादेश (चटगांव) में भी महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

बात करें भारत-मलेशिया संबंधों की, तो ये रिश्ता ऐतिहासिक, आर्थिक और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है। दोनों देशों के बीच व्यापार, शिक्षा, रक्षा सहयोग और भारतीय प्रवासी समुदाय की बड़ी उपस्थिति जैसे कई क्षेत्रों में गहरे संबंध हैं।

मलेशिया दक्षिण-पूर्व एशिया में भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार है और आसियान ढांचे में भी इसकी अहम भूमिका है। हाल के वर्षों में दोनों देशों ने व्यापार और निवेश के साथ-साथ डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा और रक्षा सहयोग को भी विस्तार देने पर जोर दिया है।

भारत और मलेशिया के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और रणनीतिक दृष्टि से बेहद मजबूत हैं। अगस्त 2024 में दोनों देशों ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक उन्नत किया, जिससे रक्षा, व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और क्षेत्रीय सहयोग जैसे क्षेत्रों में रिश्तों को नई मजबूती मिली। मलेशिया, दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) में भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में भी दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है।
 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?