ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

ग्रैंड कैन्यन में लापता भारतीय मूल के युवक का मिला सुराग

28 अप्रैल से अधिकारी लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी सही स्थिति का पता नहीं चल सका था।

संदर्श कृष्णा / Grand Canyon National Park

एरिजोना के ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क से लापता हुए 26 साल के भारतीय मूल के युवक संदर्श कृष्णा के मामले में अब पुलिस को एक अहम सुराग मिला है। 

पार्क सेवा ने 1 मई को इसकी जानकारी दी और बताया कि संदर्श कृष्णा 28 अप्रैल को हर्मिट रोड पर स्थित रिम ट्रेल से लापता हो गए थे। यह इलाका ब्राइट एंजेल लॉज और मोहावे पॉइंट के बीच आता है।

28 अप्रैल से अधिकारी लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी सही स्थिति का पता नहीं चल सका था। अब अधिकारियों ने बताया कि 28 अप्रैल को सुबह लगभग 7 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने ब्राइट एंजेल लॉज के होटल कर्मचारियों को एक काला बैग सौंपा था।

अधिकारियों का मानना है कि यह बैग संभवतः संदर्श कृष्णा का है। इसी वजह से पुलिस अब उस व्यक्ति की पहचान करना चाहती है जिसने यह बैग जमा कराया था ताकि मामले के बारे में और जानकारी मिल सके।

अधिकारियों के अनुसार संदर्श कृष्णा की लंबाई 5 फुट 10 इंच है। उनका शरीर दुबला-पतला है और वजन लगभग 160 पाउंड बताया गया है। उनके बाल काले हैं और आंखें भूरी हैं। उन्हें आखिरी बार खेल-कूद वाले कपड़ों में देखा गया था।

जनता से मदद मांगते हुए पार्क अधिकारियों ने बयान में कहा कि जांचकर्ता उस व्यक्ति की पहचान करना चाहते हैं और उससे बात करना चाहते हैं, जिसने बैग लॉज के कर्मचारियों को दिया था क्योंकि उसके पास इस जांच से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हो सकती है। उन्होंने यह भी साफ किया कि उस व्यक्ति को संदिग्ध नहीं माना जा रहा है। स्थानीय अमेरिकी समाचार संस्था एजेडसेंट्रल की रिपोर्ट के अनुसार,अधिकारियों को शक है कि लापता होने से पहले संदर्श कृष्णा ने किसी राइडशेयर सेवा या टैक्सी का इस्तेमाल किया हो सकता है।

Comments

Related

To continue...

Already have an account? Log in

Create your free account or log in