डॉ. दिव्या कोरपू / Courtesy photo
मेयो क्लिनिक की क्लिनिकल कार्डियक इलेक्ट्रोफिजियोलॉजिस्ट और हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या कोरपू को 2026-2028 कार्यकाल के लिए अमेरिकन मेडिकल एसोसिएशन यानी AMA के महिला चिकित्सक अनुभाग संचालन परिषद में मेंबर-एट-लार्ज चुना गया है। हाल ही में उन्हें विस्कॉन्सिन मेडिकल सोसाइटी के निदेशक मंडल में भी चुना गया है।
महिला चिकित्सक अनुभाग के चुनाव के लिए मतदान 30 अप्रैल को समाप्त हुआ। यह AMA के प्रमुख चिकित्सक अनुभागों में से एक के भीतर राष्ट्रीय स्तर का नेतृत्व पद है जो पूरे अमेरिका की महिला डॉक्टरों का प्रतिनिधित्व करता है।
डॉ. कोरपू ने कहा कि 2026–2028 कार्यकाल के लिए अमेरिकन मेडिकल एसोसिएशन के महिला चिकित्सक अनुभाग में मेंबर-एट-लार्ज चुना जाना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं महिला चिकित्सक अनुभाग संचालन परिषद में सेवा दूंगी। यह अनुभाग राष्ट्रीय नीति, चिकित्सक नेतृत्व और चिकित्सा क्षेत्र में महिलाओं को प्रभावित करने वाले कार्यस्थल से जुड़े मुद्दों पर काम करता है।
उन्होंने कहा कि यह अनुभाग केवल समानता, प्रतिनिधित्व और डॉक्टरों के कल्याण का समर्थन ही नहीं करता बल्कि वेतन समानता, नेतृत्व में आगे बढ़ने, कार्यबल की स्थिरता और समावेशी कार्यस्थल जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रभावशाली प्रस्तावों के जरिए AMA की नीतियों को भी आकार देता है।
यह अनुभाग अंतरराष्ट्रीय मेडिकल ग्रेजुएट्स से जुड़े मुद्दों पर भी काम करता है और डॉक्टरों के कार्यबल में समान अवसरों को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि संचालन परिषद का हिस्सा होने के नाते मैं रणनीतिक दिशा, राष्ट्रीय स्तर की वकालत और महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाले मंचों पर महिला डॉक्टरों की आवाज़ को मजबूत करने के प्रयासों में योगदान दूंगी।
डॉ. कोरपू इंटरनल मेडिसिन, कार्डियोवैस्कुलर मेडिसिन और क्लिनिकल कार्डियक इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी में बोर्ड-प्रमाणित विशेषज्ञ हैं। उनके कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार उन्हें कार्डियक इकोकार्डियोग्राफी और न्यूक्लियर कार्डियोलॉजी में भी प्रमाणन प्राप्त है।
उन्होंने सिक्किम मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज से मेडिकल की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद उच्च चिकित्सा प्रशिक्षण के लिए अमेरिका चली गईं। बाद में उन्होंने शिकागो के एडवोकेट इलिनॉय मेसोनिक मेडिकल सेंटर से इंटरनल मेडिसिन रेजिडेंसी, कार्डियोवैस्कुलर डिजीज फेलोशिप और क्लिनिकल कार्डियक इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी उप-विशेषज्ञता फेलोशिप पूरी की।
डॉ कोरपू ने कहा कि विस्कॉन्सिन मेडिकल सोसाइटी के निदेशक मंडल में उनका चुनाव राज्य स्तर पर चिकित्सक अधिकारों और स्वास्थ्य नीति पर उनके काम को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि इस भूमिका में मुझे राज्यभर में डॉक्टरों के हितों की वकालत, स्वास्थ्य नीति से जुड़े प्रयासों और मरीजों की देखभाल बेहतर बनाने के काम में योगदान देने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पद राज्य और राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर नेतृत्व के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र के सामने मौजूद चुनौतियों को हल करने की दिशा में उनके समर्पण को दर्शाता है।
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
Comments
Start the conversation
Become a member of New India Abroad to start commenting.
Sign Up Now
Already have an account? Login