ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

कनाडा ने भारत जाने वाले यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर सुरक्षा से जुड़े नियम वापस लिए

कनाडा की ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर अनीता आनंद ने बताया कि भारत जाने वाले यात्रियों पर लगाए गए अतिरिक्त जांच के नियम अब हटा लिए गए हैं। यह नया ऐलान कनाडा से भारत जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरा है।

 Stock image Stock image / Pexels

कनाडा ने अपने कई एयरपोर्ट्स से भारत जाने वाले यात्रियों के लिए नए सुरक्षा नियम वापस ले लिया है। इससे भारतीय प्रवासियों ने राहत की सांस ली है। कनाडा की ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर अनीता आनंद ने बताया कि भारत जाने वाले यात्रियों पर लगाए गए अतिरिक्त जांच के नियम अब हटा लिए गए हैं।

पिछले हफ्ते अनीता आनंद ने एक बयान में कहा था कि ट्रांसपोर्ट मिनिस्ट्री, भारत जाने वाले यात्रियों के लिए अस्थायी तौर पर अतिरिक्त सुरक्षा जांच लागू करेगी।

अब यह नया ऐलान खासकर नवंबर और दिसंबर के सर्दियों के महीनों में कनाडा से भारत जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरा है। इस दौरान बड़ी तादाद में भारतीय मूल के कनाडाई लोग त्योहारों और बड़े सामाजिक आयोजनों, जैसे शादियां, ग्रामीण खेल उत्सव और बाद में लोहड़ी, बसंत पंचमी और वैशाखी जैसे पारंपरिक त्योहारों में शामिल होने के लिए भारत जाने को तरजीह देते हैं।

कनाडाई एयर ट्रांसपोर्ट सिक्योरिटी अथॉरिटी (CATSA) को भारत जाने वाले यात्रियों और उनके सामान दोनों की अतिरिक्त जांच करने का काम सौंपा गया था। ये जांच यात्रियों की सुरक्षा के बाद वाले प्रतिबंधित बोर्डिंग एरिया में प्रवेश करने से पहले की जानी थी। दरअसल, पिछले एक साल से ज्यादा समय से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में खटास है। इसलिए कनाडा की ट्रांसपोर्ट मिनिस्ट्री ने भारत जाने वाले यात्रियों को बहुत निराश करते हुए अतिरिक्त जांच की यह घोषणा की थी। कनाडा में दो मिलियन से ज्यादा भारतीय मूल के लोग रहते हैं।

बताया गया है कि एक और बात जिसने ट्रांसपोर्ट कनाडा को अतिरिक्त सुरक्षा जांच शुरू करने के लिए प्रेरित किया, वह थी विभिन्न भारतीय एयरलाइन्स में बम के बारे में फर्जी कॉल की लगातार घटनाएं होना। पिछले महीने, नई दिल्ली से शिकागो जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को एक फर्जी कॉल के बाद इकॉलुइट में डायवर्ट कर दिया गया था। फर्जी कॉल में कहा गया था कि विमान में बम है। हालांकि विमान में कोई बम नहीं मिला। लेकिन बम की खबर के बाद एयर इंडिया की फ्लाइट 15 अक्टूबर को सुबह लगभग 5:20 बजे इकॉलुइट में इमरजेंसी लैंडिंग कर गई थी। 

 

 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?