ADVERTISEMENTs

अमेरिका में खास तौर पर भारतीय- अमेरिकी लोगों को बनाते थे निशाना, 5 संदिग्ध चोर गिरफ्तार

भारतीय अमेरिकी और दक्षिण एशियाई समुदायों के सदस्यों ने चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता जताई थी। लोगों ने नस्लीय रूप से प्रेरित चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी की शिकायत की थी। जब किर्कलैंड के पुलिस अधिकारियों ने अपराध के आंकड़ों के विश्लेषण किए तो इन दावों की पुष्टि हुई। जांच में ये बात सामने आई कि ये टारगेटेड चोरी की घटनाएं हैं।

संदिग्धों को आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी होने तक किंग काउंटी जेल में रखा गया है। / Kirkland Police Department

अमेरिका में चोरी की कई घटनाओं में भारतीय-अमेरिकी और दक्षिण एशियाई समुदायों को निशाना बनाया जा रहा था। इस मामले में अमेरिका की किर्कलैंड पुलिस विभाग ने पांच संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के सामान बरामद मिले हैं। किर्कलैंड पुलिस विभाग (KPD) ने गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए खुलासा किया कि संदिग्ध कथित तौर पर किर्कलैंड और आसपास के इलाकों में 17 चोरी की घटनाओं के लिए कसूरवार हैं।

पिछले फरवरी महीने में भारतीय अमेरिकी और दक्षिण एशियाई समुदायों के सदस्यों ने चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता जताई थी। लोगों ने नस्लीय रूप से प्रेरित चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी की शिकायत की थी। जब किर्कलैंड के पुलिस अधिकारियों ने अपराध के आंकड़ों के विश्लेषण किए तो इन दावों की पुष्टि हुई। जांच में ये बात सामने आई कि ये टारगेटेड चोरी की घटनाएं हैं। अगर इसे रोका नहीं गया तो इसमें काफी बढ़ोतरी हो सकती है।

इस संबंध में फरवरी के अंत में निगरानी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। संदिग्धों की पहचान और उनसे जुड़े किराये के वाहन की लाइसेंस प्लेट को पकड़ा गया। विशेष रूप से कैलिफोर्निया के पामडेल के रहने वाले संदिग्धों में से एक के पास दोषी अपराधी के रूप में आपराधिक रेकॉर्ड था। जांच करने वाले पुलिस अधिकारियों ने पाया कि आरोपी अक्सर कैलिफोर्निया और वाशिंगटन के बीच यात्रा करता था। पुलिस की नजरों और संभावित जांच से बचने के लिए कम समय के लिए किराये के मकान में रहता था।

चोरों का यह ग्रुप कथित तौर पर वाहनों को किराए पर लेने के बाद और लाइसेंस प्लेटों को बदल देता था। सबूत मिलने के बाद पुलिस ने रेडमंड में एक किराये की संपत्ति पर ध्यान दिया। परिसर की तलाशी में पांच वयस्क संदिग्धों की गिरफ्तारी हुई, जो सभी दक्षिणी कैलिफोर्निया से थे। इनके खिलाफ किर्कलैंड, किंग काउंटी और स्नोहोमिश काउंटी में हुई चोरी के आरोप लगाए गए हैं।

ऑपरेशन के दौरान अधिकारियों ने उन उपकरणों को जब्त कर लिया, जिनके बारे में माना जाता है कि उनका उपयोग काउंटर सर्विलांस और घरेलू सुरक्षा उपायों को दरकिनार करने के लिए किया जाता है। इसके अलावा चोरी की वस्तुएं, 17,000 अमेरिकी डॉलर से अधिक की नकदी और किराये की संपत्ति से कई डिजाइनर बैग बरामद किए गए। संदिग्धों को आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी होने तक किंग काउंटी जेल में रखा गया है।

 

Comments

Related