ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

भारतवंशी ब्रिटिश फिल्मकार की फिल्म 'संतोष' ऑस्कर में करेगी यूके का प्रतिनिधित्व

'संतोष' फिल्म भारत के उत्तर प्रदेश पर बेस्ड एक पुलिस थ्रिलर कहानी है। इसे 2025 के अकादमी पुरस्कारों में अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में यूके का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है।

 फिल्म'संतोष' की शूटिंग 44 दिनों के अंदर भारत के लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में हुई थी।  फिल्म'संतोष' की शूटिंग 44 दिनों के अंदर भारत के लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में हुई थी। / X @CinemaRareIN

भारतीय मूल की ब्रिटिश फिल्मकार संध्या सूरी की फिल्म 'संतोष' ऑस्कर में यूके की तरफ से आधिकारिक प्रविष्टि होगी। ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स (बाफ्टा) ने इसकी घोषणा की है। 

'संतोष' फिल्म भारत के उत्तर प्रदेश पर बेस्ड एक पुलिस थ्रिलर कहानी है। इसे 2025 के अकादमी पुरस्कारों में अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में यूके का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है। इस साल के अकादमी पुरस्कारों में यूके की 'द जोन ऑफ इंटरेस्ट' को पुरस्कार मिला था। 

'संतोष' का प्रीमियर 77वें कान फिल्म महोत्सव में हुआ था। इसमें एक विधवा घरेलू महिला के किरदार के लिए काफी प्रशंसा मिली थी। इस किरदार को शहाना गोस्वामी ने निभाया है, जिसे अपने पति के देहांत के बाद उसकी जगह पुलिस कांस्टेबल की नौकरी मिलती है। वह एक युवा लड़की की हत्या की जांच पड़ताल करती है और इस दौरान वर्ग, जाति और असहिष्णुता जैसे जटिल मुद्दों में उलझकर नैतिक दुविधाओं से जूझती है।

लंदन में रहने वाली फिल्म निर्माता सूरी ने महज 44 दिनों के अंदर भारत के लखनऊ शहर और उसके आसपास के इलाकों में 'संतोष' की शूटिंग की थी। इंग्लैंड के डार्लिंगटन में जन्मी और वहीं पली-बढ़ी सूरी के पिता भारत के रहने वाले हैं। 

संतोष फिल्म आगामी बीएफआई लंदन फिल्म फेस्टिवल (एलएफएफ) में फर्स्ट फिल्म कॉम्पिटिशन सदरलैंड अवार्ड के लिए भी रेस में है। एलएफएफ और यूके में रिलीज के बाद इसे भारत में रिलीज करने की योजना चल रही है।

फिल्म के प्रोड्यूसर जेम्स बोशर, बल्थाजार डी गनय, माइक गुडरिज और एलन मैकएलेक्स हैं। कार्यकारी निर्माता अमा अम्पाडू, मार्टिन गेरहार्ड, लूसिया हस्लौएर, डायर्मिड स्क्रिमशॉ और ईवा येट्स हैं। फिल्म के फाइनेंसरों में गुड कैओस, रेजर फिल्म प्रोड्यूक्शन, हौट एट कोर्ट, बीबीसी फिल्म और बीएफआई शामिल हैं। 
 

Comments

Leave A Comment

Required fields are marked (*).

Related

Talk to us?