ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

इटली के ब्रेसिया शहर में भव्यता के साथ मनाया गया सिख नववर्ष

इस मौके पर हजारों सिख यहां पहुंचे। सिर्फ इटली से ही नहीं बल्कि यूरोप के अलग-अलग हिस्सों से भी लोग आए।

सिख नववर्ष का हुआ भव्य जश्न / Courtesy Photo

इटली का ब्रेसिया शहर सिख समुदाय के लिए वैसा ही है जैसे कनाडा में ब्रैम्पटन या सरे। उत्तरी इटली का यह बड़ा केंद्र सिख धार्मिक त्योहारों जैसे माघी, होला मोहल्ला, वैसाखी और गुरु ग्रंथ साहिब समेत गुरुओं के प्रकाश उत्सव को बड़े स्तर पर मनाने के लिए जाना जाता है। कुछ ऐसे ही  22 मार्च को ब्रेसिया पूरी तरह केसरी रंग में रंगा नजर आया। नगाड़ों और ढोल की गूंज के साथ पारंपरिक गटका का प्रदर्शन हुआ और सिख नववर्ष मनाया गया।

इस मौके पर हजारों सिख यहां पहुंचे। सिर्फ इटली से ही नहीं बल्कि यूरोप के अलग-अलग हिस्सों से भी लोग आए। यह मार्च महीने में दूसरी बार था जब इतनी बड़ी संख्या में लोग ब्रेसिया पहुंचे। अब ब्रेसिया अप्रैल में होने वाले वैसाखी नगर कीर्तन का भी इंतजार कर रहा है। इटली के जिन शहरों में सिख आबादी ज्यादा है वहां ऐसे मौकों पर पूरा माहौल खालसा रंग में रंग जाता है। नगर कीर्तन के जरिए ऐतिहासिक सिख त्योहार मनाए जाते हैं।

उत्तरी इटली के ग्रामीण और छोटे शहरों में पंजाबी सिख बड़ी संख्या में रहते हैं। ज्यादातर लोग खेती और मैन्युफैक्चरिंग में काम करते हैं। यहां समुदाय काफी मजबूत है और फ्लेरो और कास्टेनेडोलो जैसे इलाकों में गुरुद्वारे धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र हैं। ब्रेसिया इटली में सिखों के प्रमुख ठिकानों में से एक है। यहां कई लोग डेयरी फार्मिंग, खासकर पार्मेजान चीज बनाने जैसे कामों में लगे हैं। समुदाय के मुख्य केंद्र फ्लेरो और कास्टेनेडोलो के गुरुद्वारे हैं।

गुरुद्वारा सिंह सभा फ्लेरो ने स्थानीय संगतों के सहयोग से भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की अगुवाई में और पंज प्यारे के नेतृत्व में यह यात्रा ब्रेसिया के वाया कोर्सिका से बोले सो निहाल के जयकारों के साथ शुरू हुई। रास्ते भर संगत ने इस जुलूस का स्वागत किया। जगह-जगह लंगर की व्यवस्था की गई। रागी और ढाडी जत्थों ने कीर्तन और इतिहास से जुड़े प्रसंग सुनाकर माहौल को भक्तिमय बनाया। पूरे रास्ते सतनाम वाहेगुरु के जयकारे गूंजते रहे।

गुरुद्वारा श्री गुरु हरगोबिंद साहिब के अध्यक्ष करमजीत सिंह ने इस आयोजन में लोगों की बड़ी भागीदारी की सराहना की। वर्ल्ड सिख सोल्जर्स मेमोरियल सोसाइटी के पृथीपाल सिंह ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी कई इटालियन लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पंजाबी समुदाय की स्थानीय विकास में भूमिका की भी तारीफ की।

Comments

Related