ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

अमेरिकी छात्रों को भारतीय संस्कृति से कराया परिचय, बेलव्यू में इवेंट

इस इवेंट में कई तरह की गतिविधियां रखी गईं। कार्यक्रम में बॉलीवुड फिल्मों दंगल और जिंदगी ना मिलेगी दोबारा की स्क्रीनिंग भी की गई।

बेलव्यू में भारत आउटरीच कार्यक्रम ने अमेरिकी छात्रों को जोड़ा। / indiainseattle.gov.in/

सिएटल स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बेलव्यू स्कूल डिस्ट्रिक्ट के साथ मिलकर सेलिब्रेटिंग इंडिया नाम से एक आउटरीच इवेंट आयोजित किया। इसका मकसद छात्रों को भारत की संस्कृति, कला और विरासत से परिचित कराना था। यह कार्यक्रम 21 मार्च को बेलव्यू के इंटरलेक हाई स्कूल में आयोजित किया गया था।

इस इवेंट में कई तरह की गतिविधियां रखी गईं। इसमें मधुबनी आर्ट वर्कशॉप को भी शामिल किया गया था जहां छात्रों ने बुकमार्क बनाए और भारतीय पेंटिंग की इस पारंपरिक शैली के बारे में सीखा। इसके अलावा छात्रों ने Know India Quiz में भी हिस्सा लिया जिससे उन्हें भारत के बारे में जानकारी मिली। कार्यक्रम में कुचिपुड़ी नृत्य की प्रस्तुति भी दिखाई गई जो आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले की एक प्रसिद्ध शास्त्रीय नृत्य शैली है।



इसके अलावा भारतीय खाने का स्वाद चखने का भी मौका दिया गया। प्रेजेंटेशन और चर्चा के जरिए छात्रों को भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था, विविधता और आर्थिक विकास के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम में बॉलीवुड फिल्मों दंगल और जिंदगी ना मिलेगी दोबारा की स्क्रीनिंग भी की गई।

सिएटल स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने कहा कि इस कार्यक्रम ने छात्रों को भारत की समृद्ध संस्कृति और विविधता की झलक दिखाई। इससे पहले 20 मार्च को भी ऐसा ही एक कार्यक्रम नॉर्थशोर स्कूल डिस्ट्रिक्ट के छात्रों के लिए बोटेल के नॉर्थशोर परफॉर्मिंग आर्ट्स सेंटर में आयोजित किया गया था, जिसमें भारत की सांस्कृतिक विविधता को दिखाया गया था।

Comments

Related