ADVERTISEMENT

ADVERTISEMENT

क्वीन्सबरो कॉलेज के छात्रों को AIA-NY ने की आर्थिक मदद

पिछले एक साल में 31 छात्रों को होली और दिवाली के मौके पर भी स्कॉलरशिप दी जा चुकी है।

कार्यक्रम की झलकियां / Courtesy photo

एसोसिएशन ऑफ इंडियंस इन अमेरिका-न्यूयॉर्क चैप्टर यानी AIA-NY ने 25 मार्च को क्वीन्सबरो कम्युनिटी कॉलेज के छात्रों को 10,000 डॉलर की स्कॉलरशिप दी है। संगठन ने ये मदद कम आय वाले परिवारों के छात्रों के लिए दी है। इसके लिए कुल 10 छात्रों को चुना गया जिन्हें 1,000 -1,000 डॉलर की सहायता दी गई है। ये छात्र सर्टिफिकेट और डिग्री कोर्स में पढ़ रहे हैं।

मालूम हो कि यह कॉलेज न्यूयॉर्क के CUNY सिस्टम के टॉप कम्युनिटी कॉलेजों में शामिल है। इस मौके पर पूर्व AIA के अध्यक्ष डॉ. उर्मिलेश आर्य और डॉ. यशपाल आर्य ने स्कॉलरशिप चेक कॉलेज की अध्यक्ष डॉ. क्रिस्टिन मेंगिनो को सौंपा। उन्होंने कॉलेज के साथ बढ़ती साझेदारी के लिए धन्यवाद भी दिया। 

कार्यक्रम में AIA-NY की अध्यक्ष बीना कोठारी और पूर्व अध्यक्ष डॉ. जगदीश गुप्ता भी मौजूद थे। इनके अलावा कई सामुदायिक नेता भी शामिल हुए जिनमें डॉ. निर्मल के मट्टो भी थे। आपको बताएं, AIA-NY पिछले साल से कॉलेज के साथ मिलकर काम कर रहा है। इसी के तहत स्टूडेंट सक्सेस स्कॉलरशिप फंड भी शुरू किया गया है। इस फंड को AIA-NY, आर्य परिवार फाउंडेशन और डॉ. जगदीश गुप्ता का समर्थन मिला है।

पिछले एक साल में 31 छात्रों को होली और दिवाली के मौके पर स्कॉलरशिप दी जा चुकी है। संगठन ने कहा कि यह पहल शिक्षा और समाज को मजबूत बनाने की दिशा में एक कदम है। स्कॉलरशिप के अलावा संगठन और कॉलेज ने मिलकर होली और दिवाली जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए हैं। इन कार्यक्रमों में छात्र, शिक्षक और समुदाय के लोग एक साथ जुड़े थे। होली कार्यक्रम में करीब 75 भारतीय मूल के छात्र और 50 से ज्यादा सामुदायिक नेता शामिल हुए थे।

इनमें नीलिमा मदान, गोबिंद मुंजाल, डॉ. राज मोदी, हर्ष व्यास, अनीता ठक्कर और पत्रकार सुनील हाली व जसबीर जय सिंह शामिल थे। संगठन ने कहा कि यह साझेदारी शिक्षा को बढ़ावा देने और भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कदम है।

जानकारी के लिए आपको बता दें कि AIA-NY की स्थापना 1967 में हुई थी। यह अमेरिका के सबसे पुराने भारतीय-अमेरिकी संगठनों में से एक है। यह संगठन शिक्षा, संस्कृति और समाज सेवा के लिए काम करता है।

Comments

Related